राजस्व विभाग की सुस्ती से अटका सामुदायिक भवन का निर्माण, राशि स्वीकृत पर जमीन का अता-पता नहीं


सिंगरौली: ग्राम पंचायत कर्थुआ में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य राजस्व विभाग की लापरवाही के चलते अब तक शुरू नहीं हो सका है।जनपद पंचायत चितरंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 19 जनवरी 2026 को तहसीलदार चितरंगी को पत्र लिखकर शासकीय भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था, लेकिन करीब ढाई महीने के बाद भी राजस्व अमला इस समस्या का समाधान नहीं कर पाया है।

जानकारी के अनुसार पंचायत संचालनालय द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की जा चुकी है और निर्माण की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई थीं। इसके बावजूद भूमि उपलब्ध न होने से निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। अधिकारियों के बीच पत्राचार होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक भवन के अभाव में पंचायत के कार्यक्रमों, बैठकों और सामाजिक आयोजनों में लगातार परेशानी हो रही है।

शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है, जिससे नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि यदि राजस्व विभाग समय रहते भूमि चिन्हांकन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर देता, तो अब तक भवन निर्माण कार्य शुरू हो चुका होता। लेकिन यह कार्य कागजों तक ही सीमित रह गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर राजस्व अमले को निर्देशित किया जाए, ताकि शासकीय भूमि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके। साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठ रही है।

Next Post

बरदहा घाट से सिल्फी-कुड़ारी मार्ग अब भी कच्चा, ग्रामीणों को हो रही परेशानी

Mon Mar 30 , 2026
सिंगरौली: जनपद पंचायत चितरंगी के दूरस्थ अंचल बरदहा घाट हनुमान मंदिर से गोड़गवां-बरवाडीह, बंजरिया होते हुए सीमावर्ती सोनभद्र (यूपी) के सिल्फी-कुड़ारी तक जाने वाला मार्ग अब भी कच्चा है। क्षेत्र के कई गांवों के लिए यह प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन पक्की सड़क की सुविधा अभी तक उपलब्ध नहीं हो […]

You May Like