
सीसी जारी करने 1.42 लाख की मांगी थी रिश्वत, लोकायुक्त ने निजी कार्यालय में दबोचा
नवभारत न्यूज
रीवा, 22 जनवरी, रीवा जिले के जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान में पदस्थ उपयंत्री को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है. बुधवार की दोपहर अमहिया स्थित कार्यालय से लोकायुक्त पुलिस की टीम ने पकड़ा है. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. ग्राम पंचायत में हुए कार्य की सीसी जारी करने के एवज में 1 लाख 42 हजार की रिश्वत मांगी थी.
ग्राम पंचायत करौदी में सरपंच द्वारा विभिन्न कार्य कराये गये थे, जिसका बिल 5 लाख 30 हजार रूपये बना था. निर्माण कार्य की सीसी जारी करने के एवज में उपयंत्री अनुराग पाण्डेय द्वारा 1.42 लाख की रिश्वत मांगी गई थी. सरपंच पति सुशील कुमार पटेल ने पूरे मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर की थी. शिकायत के बाद जांच की गई और शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी को रंगे हाथ पकडऩे की योजना बनाई गई. शिकायतकर्ता सरपंच पति सुशील कुमार पटेल रिश्वत के 20 हजार लेकर आरोपी उपयंत्री के अमहिया स्थित निजी कार्यालय दोपहर लगभग 2.30 बजे पहुंचे और जैसे ही आरोपी उपयंत्री अनुराग पाण्डेय ने 20 हजार रूपये लिये उसी समय लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. पहली किश्त के रूप में आरोपी 20 हजार रूपये ले रहा था. जिसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. कार्यवाही डीएसपी प्रमेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई, साथ में 15 सदस्यीय टीम मौजूद रही. आरोपी को पकड़ कर लोकायुक्त कार्यालय लाया गया, जहा शेष कार्यवाही की गई.
पहली किश्त लेते गिरफ्तार किया गया
डीएसपी प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि करौदी गांव में सरपंच द्वारा स्टाक डैम सहित अन्य अलग-अलग कार्य कराए गए थे. जिसका बिल 5 लाख 30 हजार बना था, निर्माण कार्य की सीसी जारी करने आरोपी उपयंत्री द्वारा 1.24 लाख की मांग की गई थी. पहली किश्त 20 हजार लेते आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
