त्योहारों पर बाजारों में बढ़ने लगी भीड़, यातायात व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

इंदौर: त्योहारों के समय इंदौर के प्रमुख बाजारों, जैसे राजबाड़ा, सराफा, मरोठिया सहित अन्य बाजारों में भीड़ बढ़ना और उसके साथ यातायात व पार्किंग की समस्याएं पैदा होना एक आम, लेकिन गंभीर चुनौती है. वर्तमान में भी त्योहारों के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ने लगी है. इसके साथ ही फुटपाथ पर अस्थायी कब्जे और सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग ने राहगीरों की मुश्किल बढ़ा दी है. इससे प्रशासन और यातायात विभाग की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

शहर के राजवाड़ा, सराफा, खजूरी बाजार और आसपास के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में इन दिनों रौनक बढ़ने लगी है. त्योहारों के चलते खरीदारों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन बाजारों में यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्था चुनौती बनती दिखाई दे रही है. कई स्थानों पर दुकानों के सामने फुटपाथ का हिस्सा सामान रखने या अस्थायी बिक्री के लिए इस्तेमाल होता नजर आता है.

दूसरी ओर सड़क किनारे खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहन यातायात की उपलब्ध जगह को और कम कर देते हैं. ऐसे में पैदल लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि त्योहारों के दौरान जब बाजारों में भीड़ और बढ़ेगी तब व्यवस्था कैसे संभलेगी. नगर निगम और यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन कार्रवाई के बाद स्थिति दोबारा पुराने ढर्रे पर लौट आती है. यहां जरूरत स्थायी व्यवस्था की है, जो कि स्मार्ट सिटी होने के बावजूद नहीं हो पा रही.

यह बोले नागरिक…

अवैध अतिक्रमण के कारण फुटपाथ पर जगह नहीं बचती, लोगों को मजबूरी में सड़क पर चलना पड़ता है. अब त्योहारों में भीड़ और बढ़ेगी तो परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है.
– सुरेश रायकुवार
आने वाले त्योहारों को देखते हुए बाजार में व्यवस्था जरूरी है. बढ़ती पार्किंग की कमी और अतिक्रमण की समस्या को लेकर प्रशासन को योजना बनाकर स्थायी समाधान निकालना चाहिए.
– मुकेश प्रजापत
निगम और यातायात विभाग द्वारा कार्रवाई कुछ समय के लिए होती है, फिर कुछ दिनों बाद हालात फिर वैसे ही हो जाते हैं. नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई जरूरी है.
– जमील खान

Next Post

बेकाबू होती मंहगाई का असर अब रसोई पर

Wed Sep 16 , 2026
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like