
नयी दिल्ली, 02 सितंबर (वार्ता) दिल्ली के आईटी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार कुशल, सुरक्षित और नागरिक-केंद्रित शासन के लिए एक मजबूत आईटी इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। डॉ सिंह ने दिल्ली सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (डीपीडीपी) एक्ट, 2023 पर आज यहां आयेाजित कार्यशाला की अध्यक्षता दिल्ली सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने की। इस मौके पर उन्होंने डिजिटल गवर्नेंस के बढ़ते दायरे के बीच नागरिकों के निजी डेटा की सुरक्षा को सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया।
उन्होंने कहा कि नागरिक राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी महत्वपूर्ण निजी जानकारी साझा करते हैं। ऐसे में इस डेटा को सुरक्षित रखना और नागरिकों की निजता की रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि डीपीडीपी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को व्यक्तिगत डेटा को जिम्मेदारी से एकत्र करने, संभालने, स्टोर करने और सुरक्षित रखने के तौर-तरीकों की जानकारी देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस के विस्तार के साथ आईटी विभाग की भूमिका और जिम्मेदारियां भी बढ़ रही हैं। दिल्ली सरकार कुशल, सुरक्षित और नागरिक-केंद्रित शासन के लिए एक मजबूत आईटी इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। विभाग डिजिटल गवर्नेंस की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। सरकार का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें तकनीक के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ नागरिकों की निजता और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।
कार्यशाला में आईटी सचिव ने डीपीडीपी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग के रोडमैप की जानकारी दी। इसमें डेटा-हैंडलिंग मानकों को लेकर विस्तृत सर्कुलर जारी करना और प्रत्येक विभाग में डेटा प्रोटेक्शन नोडल अधिकारियों की नियुक्ति शामिल है। विषय विशेषज्ञों ने अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, सहमति के ढांचे, उद्देश्य-आधारित डेटा उपयोग, डेटा न्यूनतमकरण, डेटा प्रिंसिपल्स के अधिकार, डेटा फिड्यूशियरीज की जिम्मेदारियों और डेटा प्रोटेक्शन बोर्ड ऑफ इंडिया की भूमिका पर अधिकारियों को जानकारी दी।
