बुखारेस्ट/नयी दिल्ली, (वार्ता) काला सागर में तुर्की के स्वामित्व वाले मालवाहक जहाज एमवी रोयाड मम्मादोव पर सोमवार को हुए ड्रोन हमले के बाद उसमें आग लग गयी जिससे दो लोगों की मौत हो गयी और वह समुद्र में डूब गया।
जहाज पर सवार तीन भारतीय नागरिकों में से एक घायल हो गया।
बुखारेस्ट में भारतीय दूतावास ने भारतीय नाविकों से बात की और उनकी हर संभव मदद कर रहा है।
सेंट किट्स और नेविस के झंडे वाला यह मालवाहक जहाज यूक्रेन के पोर्ट ऑफ़ इज़मेल से मक्का लेकर इटली के पोर्ट ऑफ़ रवेना जा रहा था। यह रोमानिया के तट से लगभग 20 से 30 समुद्री मील दूर न्यूट्रल में हमला हुआ।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने एक्स पर हमले की कड़ी निंदा की है और कहा है कि दो रूसी ड्रोन ने नागरिक जहाज पर “भयानक हमला” किया। रूस ने तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की है।
हमले से जहाज में भीषण आग लग गई जिससे जहाज़ डूब गया। रोमानियाई समुद्री प्राधिकरण की आपातकालीन सेवा ने चालक दल के 11 सदस्यों को सफ़लतापूर्वक बचाया। दो विदेशी नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है।
चालक दल में अज़रबैजान के नागरिकों और तीन भारतीय नागरिकों समेत विदेशी नागरिक शामिल थे।
बुखारेस्ट में भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट में कहा: “हमें आज काला सागर में व्यापारिक जहाज़ एमवी रोयाड मम्मादोव पर हमले की जानकारी मिली है।
उन्होंने कहा “शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो लोग विदेशी नागरिक मारे गए हैं, जबकि कुछ चालक दल के सदस्य घायल हो गए हैं और रोमानिया में उनका मेडिकल इलाज चल रहा है।”
उन्होंने “आगे बताया गया है कि चालक दल के सदस्यों में तीन भारतीय नागरिक हैं। मिशन भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के बारे में और जानकारी पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ करीबी संपर्क में है।”
बाद में पोस्ट किया गया: “तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। हमने उनसे बात की है। उनमें से एक घायल हो गया है और उसका चिकित्सा इलाज चल रहा है। हम हॉस्पिटल अधिकारियों के साथ करीबी संपर्क में हैं।” “हम भारतीय चालक दल के सदस्यों की भलाई और बेहतरी के लिए हर मुमकिन मदद कर रहे हैं।”
