
इंदौर। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के पदभार ग्रहण समारोह से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. पंढरीनाथ पुलिस ने कांग्रेस पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट के भाई बादशाह मिमरोट को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी ऐसे समय हुई, जब वह अपनी बहन के पदभार ग्रहण समारोह की तैयारियों में जुटा था. कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं में हलचल मच गई.
कुछ दिन पहले कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित होने और पुलिस अधिकारियों से अभद्रता का मामला सामने आया था. जांच के दौरान बादशाह मिमरोट की भूमिका सामने आने पर उसे प्रकरण में आरोपी बनाया. रविवार देर रात डीसीपी जोन 4 सुनिल कुमार मेहता के निर्देशन में पंढरीनाथ थाना पुलिस ने दबिश देकर बादशाह मिमरोट को हिरासत में लिया और थाने ले जाकर पूछताछ की. गिरफ्तारी के दौरान समर्थकों की भीड़ जमा होने से कुछ देर तक माहौल गरमाया रहा. पुलिस का कहना है कि मामला जमानती प्रकृति का है, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है. उसे एसीपी कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मामले में थाना प्रभारी पंढरीनाथ सतीश पटेल ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान दर्ज प्रकरण की जांच में बादशाह मिमरोट की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया है, मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.
