
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ के 12वें दिन प्रदेशभर में 1,500 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में विभिन्न शासकीय विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।
प्रदेश के बाजारों, शॉपिंग मॉल, स्कूलों, छात्रावासों, खेल मैदानों, धार्मिक स्थलों और ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा स्वयं, परिवार और समाज को नशामुक्त रखने का संकल्प दिलाया।
इंदौर में शहर पुलिस के नेतृत्व में आयोजित 10 किलोमीटर मैराथन और डिजिटल शपथ अभियान विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अभियान के तहत जागरूकता रथ, एलईडी डिस्प्ले, सिनेमाघरों में विशेष संदेशों का प्रदर्शन तथा एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता फैलाई गई। भारतीय क्रिकेटर रजत पाटीदार ने भी मैराथन में शामिल होकर युवाओं से फिटनेस अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
भोपाल में आयोजित “रन फॉर लाइफ” मैराथन में लगभग 6,000 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा नुक्कड़ नाटकों और रेडियो अभियानों के जरिए भी नशामुक्ति का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।
अनूपपुर, अलीराजपुर, ग्वालियर, सिवनी, उज्जैन, उमरिया, कटनी, आगर मालवा, गुना, खरगोन और छतरपुर सहित अनेक जिलों में खेल प्रतियोगिताएं, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताएं, जनसंवाद, जागरूकता रैलियां और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। विद्यार्थियों, महिलाओं और ग्रामीण समुदायों के लिए विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित हुए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना ही नहीं, बल्कि व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से इसे एक सतत जनआंदोलन का स्वरूप देकर स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त मध्यप्रदेश का निर्माण करना है।
