सिवनी। जिले के कुरई बस स्टैंड पर शनिवार को तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक बाइक सवार युवक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पूरी घटना बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी तथा गुजर रही बाइकों को टक्कर मारता चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
