सीहोर। श्यामपुर मार्ग के मंडी क्षेत्र में जर्जर सड़क, गड्ढों और उड़ती धूल से परेशान रहवासियों का सब्र बुधवार को जवाब दे गया. कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज लोगों ने दोपहर में सड़क पर चक्काजाम कर दिया. करीब एक घंटे तक चले चक्काजाम प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन प्रदर्शनकारी जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे. इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और विधायक सुदेश राय मौके पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल पेचवर्क शुरू कराने तथा नपा सीमा में आने वाले हिस्से में शाम तक डामरीकरण शुरू कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया.
गौरतलब है कि सीहोर-श्यामपुर मार्ग के 24.30 किमी हिस्से के निर्माण को 28 जून 22 को मंजूरी मिली थी. इसकी लागत 29.03 करोड़ रुपए है. सड़क निर्माण में फुल डेप्थ रिक्लेमेशन (एफडीआर) तकनीक का उपयोग किया गया था. निर्माण के समय दावा किया गया था कि इस तकनीक से सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहेगी. हालांकि सड़क बनने के कुछ समय बाद ही कई जगह गिट्टियां बाहर निकलने लगीं और अब मार्ग जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गया है. हालांकि बीच बीच में उक्त जर्जर सड़क पर पैंचवर्क किया जाता रहा, लेकिन मटेरियल गुणवत्ताहीन होने के कारण पैंचवर्क भी नहीं टिक रहा था. इस मार्ग की बदहाली का आलम यह है कि सीहोर से श्यामपुर तक सड़क साबूत बची नहीं है. रोजाना हादसे हो रहे हैं. इसे देखते हुए लोगों को प्रदर्शन करने को मजबूर होना ही पड़ा.
मंडी क्षेत्र के रहवासियों द्वारा किए गए चक्काजाम का व्यापक असर देखने को मिला. आधे घंटे के अंतराल में डामर व गिट्टी से लदा डम्पर मौके पर आ पहुंचा और कुछ देर बाद पैंचवर्क प्रारंभ हो गया, जिसके बाद नागरिकों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया.
गड्ढों से उछलती गिट्टियां, धूल कर रही बीमार
प्रदर्शन में शामिल मंडी क्षेत्र के रहवासी वरुण गौर, पूर्व पार्षद रामप्रकाश चौधरी और ह्देश महेश्वरी ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं. दिनभर वाहनों की आवाजाही से धूल का गुबार उड़ता रहता है. भारी वाहनों के निकलने पर सड़क की गिट्टियां उछलकर दुकानों और घरों तक पहुंचती हैं. इससे दुकानदारों और रहवासियों को परेशानी के साथ हादसे का डर भी बना रहता है. उनका कहना था कि कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, इसलिए चक्काजाम करना पड़ा.
750 मीटर हिस्से पर था विभागों का पेंच
मंडी क्षेत्र के करीब 750 मीटर हिस्से को लेकर लंबे समय से पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के बीच क्षेत्राधिकार का पेंच था. पीडब्ल्यूडी का कहना था कि यह हिस्सा नगर पालिका की सीमा में आता है, जबकि नपा का तर्क था कि इस मार्ग का निर्माण पहले से पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जाता रहा है. हाल में नपा अध्यक्ष ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से चर्चा के बाद जनहित में इस हिस्से की मरम्मत कराने का निर्णय लिया.
बारिश थमने के बाद अब शुरू होगा काम
तत्काल राहत के लिए पेचवर्क और मरम्मत शुरू कराई जा रही है. बारिश के कारण काम रुका था. सीहोर-श्यामपुर मार्ग को फोरलेन बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है और इसका निर्माण भी शीघ्र शुरू होगा.
सुदेश राय, विधायक सीहोर विधानसभा क्षेत्र
नगर पालिका क्षेत्र के 750 मीटर हिस्से में शाम तक डामरीकरण शुरू कराया जा रहा है. जल्द ही मंडी क्षेत्र के रहवासियों को गड्ढों और धूल की समस्या से राहत मिलेगी.
प्रिंस राठौर, नगरपालिका अध्यक्ष सीहोर
