भोपाल। मध्यप्रदेश में अवैध रूप से लकड़ी के परिवहन के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. विभाग के अनुसार आरोपी महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से जारी एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) का इस्तेमाल कर मध्यप्रदेश में लकड़ी का अवैध परिवहन कर रहा था. मामला 18 मई 2026 का है. इंदौर वन मंडल की गश्ती टीम ने नियमित जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका था. जांच में वाहन में बड़ी मात्रा में लकड़ी मिली. इसके बाद वन विभाग ने 19 मई को वन अपराध क्रमांक 628/17 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.
-कई राज्यों की एनओसी के इस्तेमाल की जांच
वन विभाग के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र से लकड़ी के परिवहन के लिए जारी एनओसी का कथित तौर पर मध्यप्रदेश में अवैध लकड़ी ले जाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. इसके बाद मामले की विस्तृत जांच के लिए राज्य स्तरीय उडऩ दस्ते को लगाया गया. जांच में वन विभाग ने अरमान निवासी बैरासिया और नईम शेख निवासी जलगांव, महाराष्ट्र की भूमिका सामने आने का दावा किया है. विभाग के मुताबिक दोनों पर महाराष्ट्र, राजस्थान और तेलंगाना सहित अन्य राज्यों की एनओसी तैयार करवाकर मध्यप्रदेश में लकड़ी के परिवहन में इस्तेमाल करने का आरोप है.
-पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई
वन विभाग की टीम ने मामले में अरमान को गिरफ्तार किया है. विभाग के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की है. हालांकि, मामले में अन्य लोगों की भूमिका और एनओसी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच अभी जारी है. वन विभाग ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद अवैध लकड़ी के परिवहन में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
