ब्यावरा। इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतो की घटना के बाद भी नगर में कुछ जगह काफी दूषित पानी आने का सिलसिला जारी रहने से नपा के लिए यह सिरदर्द बना हुआ है. बुधवार एवं गुरुवार को राजगढ़ रोड क्षेत्र में अत्यधिक दूषित पानी नलों से आया जो चिंता का विषय है. नपा का अमला पेयजल लाइनों में लीकेज तलाशने में जुट गया है, किंतु अभी भी दूषित पानी आने का क्रम थमा नहीं है.
विदित है कि नगर मेें राजगढ़ रोड क्षेत्र सहित कुछ अन्य जगहों पर भी पेयजल सप्लाई के समय नलों से काफी दूषित मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी आ रहा है. कई माह इसको हो गया है, नागरिकों द्वारा कई बार नपा केे जिम्मेदारों को इससे अवगत कराने के बाद भी हालात नहीं सुधरे. इसी बीच इंदौर में दूषित पानी पीने से कुछ लोगों की मौत होने की घटना ने इसको लेकर कहीं अधिक चिंतित कर दिया है.
कई जगह लाइन लीकेज, आ रहा गंदा पानी
नपा के अमले द्वारा राजगढ़ रोड पर कॉलेज के सामने पंचशील कॉलानी में दो जगह पाइप लाइन ओपन की जहां लाइन फूटी मिली. गुरुवार की सुबह राजगढ़ रोड पर कोली मोहल्ला की ओर जाने वाले रास्ते के यहां लाइन ओपन की इसमें भी लीकेज मिला. नपा का कहना है कि यहां जो लीकेज मिला है उसी से गंदा पानी नलों में पहुंच रहा था.
फिर आया दुर्गंधयुक्त झाग वाला पानी
बुधवार की शाम को राजगढ़ रोड स्थित मुक्तिधाम मार्ग में पेयजल सप्लाई के दौरान नलों से काफी काला पानी आया. जो देखने में किसी नाले, नाली का पानी लग रहा था. गुरुवार की सुबह राजगढ़ रोड पर पंचशील कॉलोनी में पेयजल सप्लाई की उस दौरान भी नलो से दुर्गंधयुक्त और झाग वाला पानी काफी देर तक आया.
नपा का कहना लीकेज को तलाश लिया
गुरुवार को राजगढ़ रोड पर लाइन में लीकेज को लेकर नपा का कहना है कि जिस कारण से नलो में गंदा पानी आ रहा था वह लीकेज ढूंढ निकाला है, अब पेयजल सप्लाई के दौरान ही यह पता चल पाएगा कि गंदा पानी आने का सिलसिला क्या थम गया है.
मुख्य नपाधिकारी ने लिया जायजा
बुधवार को मुक्तिधाम मार्ग राजगढ़ रोड पर गंदा पानी नलो से आने को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नपाधिकारी इकरार अहमद ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र में भ्रमण कर पाइप लाइनो की स्थिति का जायजा लिया तथा अमले को जल्द से जल्द लीकेज को तलाश कर दुरस्त करने के निर्देश दिए गये.
राजगढ़ रोड पर लाइन में लीकेज मिला है जिसे दुरस्त करने के बाद पेयजल सप्लाई के समय गंदा पानी आने की समस्या समाप्त हो सकेगी. शुद्ध पेयजल की सप्लाई हेतु नपा पूरी गंभीरता के साथ प्रयासरत् है.
इकरार अहमद
मुख्य नगर पालिका अधिकारी
नपा ब्यावरा
