
आष्टा। नपा परिषद की साधारण सम्मेलन बैठक नपाध्यक्ष श्रीमती हेमकुंवर मेवाड़ा की अध्यक्षता में परिषद सभागार में आयोजित की गई. बैठक में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, नपाउपाध्यक्ष सिद्दीका भूरू खां, मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति सहित पार्षदों की उपस्थिति रही. इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया.
मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति ने बजट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए कुल अनुमानित आय 276 करोड़ 52 लाख 7 हजार 317 रुपए तथा व्यय 276 करोड़ 48 लाख 81 हजार रुपए प्रस्तावित है। इस प्रकार करीब 3 लाख 26 हजार 317 रुपए की बचत के साथ यह लाभ का बजट है. परिषद ने नगर विकास से जुड़े लगभग दो दर्जन प्रस्तावों को मंजूरी दी, जिसमें पिछले वर्ष की तरह कर एवं शुल्क दरों को यथावत रखा गया है. बजट में नगर के सभी 18 वार्डों में सड़कों, नालियों के निर्माण, पार्वती घाट सौंदर्यीकरण, तालाब संरक्षण एवं सुधार तथा सार्वजनिक शौचालय निर्माण को शामिल किया गया है. साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत 2.0 योजना के तहत पेयजल सुधार, ओवरहेड टैंक निर्माण और रामपुरा डेम से पाइपलाइन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दी गई है. मुख्यमंत्री कायाकल्प योजना के अंतर्गत बीटी सड़कों के निर्माण का भी प्रावधान रखा गया है.
रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से फायर स्टेशन के पास आवासीय परिसर में दुकानों का निर्माण, आवास कॉलोनी में शॉपिंग कॉम्पलेक्स तथा रेस्ट हाउस के सामने खाली भूमि पर व्यावसायिक दुकानों के निर्माण की योजना भी बजट में शामिल की गई है. इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के तहत लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और एमआरएफ प्लांट की स्थापना का प्रावधान किया गया है.
नगरवासियों के मनोरंजन और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक पार्क निर्माण, संगम घाट सौंदर्यीकरण और पार्वती नदी डाउन स्ट्रीम विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं. जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ट्रैक्टर, जेसीबी और कचरा संग्रहण हेतु नए वाहन खरीदे जाएंगे. साथ ही जल प्रदाय व्यवस्था के रखरखाव, सफाई सामग्री, उपकरण एवं वाहन संचालन के लिए भी पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है.
बैठक में पार्षदगण डॉ. सलीम खान, कमलेश जैन, राजकुमार मालवीय, हिफ्फजुर्रहमान भैया मियां, राशिदा अनवार हुसैन, मेहमूद अंसारी, आरती नामदेव, नूरजहां शेख रईस, तस्कीन बी अतीक कुरैशी, जाहिद गुड्डू, तारा कटारिया, तेजसिंह राठौर, रवि शर्मा, अंजनी चौरसिया, लता तेजपाल मुकाती उपस्थित थे.
