
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं, विभागीय योजनाओं, जनहित से जुड़े विषयों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही पूर्ण हो चुकी है। ऐसे में प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की समग्र समीक्षा कर आगामी तिमाही के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करे तथा शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं का निर्धारित समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित किया जाए। समय-सीमा का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विधानसभा प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समय पर प्रेषित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सभी पेयजल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई, क्लोरीनेशन एवं बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सकीय उपकरणों एवं अन्य व्यवस्थाओं की उपलब्धता बनाए रखने के साथ सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपनेे क्षेत्र में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को समन्वित टीम के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निगरानी, नवजात शिशुओं की देखभाल तथा टीकाकरण जैसी सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में नालियों की नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
००
नकली बीज व उर्वरक विक्रय पर दर्ज करायें एफआईआर
मानसून को देखते हुए कृषि विभाग को विशेष सतक्रता बरतने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि किसानों तक मौसम आधारित कृषि सलाह समय पर पहुंचाई जाए, जिससे वे बोवनी एवं फसल प्रबंधन संबंधी निर्णय उचित समय पर ले सकें। उन्होंने नकली अथवा खराब गुणवत्ता के बीज एवं उर्वरक का विक्रय पाए जाने पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
००
सुशासन एवं जनसेवा की गुणवत्ता को बनाया जाय बेहतर
बैठक के अंत में कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि सभी अधिकारी जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समयबद्धता के साथ कार्य करें। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक विभाग नियमित समीक्षा करे तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर जिले में सुशासन एवं जनसेवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए।
००००००००
