नयी दिल्ली, 03 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शनिवार को चावल के दाम बढ़ गये। गेहूं में नरमी रही जबकि चीन की औसत कीमत लगभग स्थिर रही। दालों और खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख देख गया। मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 5,101 रुपये प्रति क्विंटल पर गत दिवस स्तर के आसपास ही रही। वहीं, गुड़ की कीमत 30 रुपये घटकर 5,917 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत तीन पैसे बढ़कर 55.32 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 44 रुपये बढ़कर 4,153 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं दो रुपये सस्ता हुआ और 2,887 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे के भाव में कमोबेश टिकाव रहा। दाल-दलहनों में चना दाल औसतन 28 रुपये और मूंग दाल 26 रुपये प्रति क्विंटल मंहगी हुई। वहीं, तुअर दार 15 रुपये और उड़द दाल 14 रुपये टूट गयी। मसूर दाल की कीमत गत दिवस के स्तर पर ही पड़ी रही।
स्थानीय बाजार में सूरजमुखी तेल की औसत कीमत 59 रुपये और वनस्पति की 53 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सोया तेल 37 रुपये और पाम ऑयल 12 रुपये महंगा हुआ। मूंगफली तेल की कीमत 48 रुपये और सरसों तेल की सात रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी।

