सतना:सतना जिले में एक नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का जिला स्तरीय समारोह सिविल लाइन स्थित पुलिस परेड ग्राउण्ड में प्रातः 10.25 बजे से आयोजित होगा। इस मौके पर जिले की नगरीय निकाय संस्थाओं और जनपद पंचायतों में भी स्थापना दिवस के कार्यक्रम होंगे। इस आशय के निर्णय सोमवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में संपन्न समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में लिये गये।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्थापना दिवस समारोह के आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, सहायक कलेक्टर अनिकेत शांडिल्य, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, आरएन खरे, डिप्टी कलेक्टर बीके मिश्रा सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
एक नवम्बर को आयोजित होने वाले म.प्र. स्थापना दिवस के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10.25 बजे मुख्य अतिथि का आगमन, प्रातः 10.30 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण राष्ट्रगान, प्रातः 10.40 बजे मुख्यमंत्री जी का संदेश वाचन, 10.55 बजे संकल्प, 11 बजे मध्यप्रदेश गीत, प्रातः 11.05 से 11.20 तक स्थानीय स्तर पर चयनित कार्यक्रम और प्रातः 11.30 बजे वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के लिए सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। संचालन परियोजना अधिकारी गौरव शर्मा द्वारा किया जायेगा।
कलेक्टर ने स्थापना दिवस आयोजन संबंधी जिम्मेदारी अधिकारियों को सौपते हुए समय पर समस्त कार्यवाहियां करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेजों में भी म.प्र. की स्थापना दिवस से संबंधित वाद-विवाद, निबंध लेखन, रंगोली, स्वच्छता, सजावट, संस्कृति, पर्यटन की गतिविधियां की जाये। नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों में भी निर्वाचित प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम किये जाये। स्थापना दिवस के अवसर पर सभी शासकीय भवनों और ऐतिहासिक महत्व के स्मारको, कार्यालयों पर रात्रि में रोशनी की जायेगी।
स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों, जिले में उत्कृष्ट कार्यो से संबद्ध गौरव चरित्रों पर एकाग्र, जिला उत्पादों का प्रदर्शन एवं उत्कृष्ट कार्यो से संबद्ध प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। स्व सहायता समूहों एवं कुटीर उद्योगों द्वारा निर्मित उत्पादित वस्तुओं के क्रय-विक्रय के समुचित प्रबंध किये जायेंगे। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी एसपी तिवारी ने बताया कि एक नवम्बर को शासकीय कन्या महाविद्यालय सतना में युवा उत्सव का आयोजन होगा। जिला संयोजक आदिम जाति डॉ. अरूण शुक्ला ने बताया कि जिले के सभी जनजातीय छात्रावासों में छात्रावास दिवस के आयोजन होंगे। जिला पंचायत के माध्यम से हर-घर दीवाली और संस्कृति विभाग द्वारा चित्रकूट के भरत घाट पर देव प्रबोधनी एकादशी पर दीपोत्सव के कार्यक्रम भी होंगे।
