
कुरावर। नरसिंहगढ़-कुरावर मार्ग पर तीज बडली के यहां मध्य रात्रि को कार सवार लोगों के साथ कुछ अज्ञात लोगों द्वारा कार को पंक्चर कर लूट की वारदात को अंजाम देने की घटना प्रकाश में आई है.
शुक्रवार- शनिवार कीक मध्य रात्रि को करीब 3.45 बजे तीज बडली के समीप कार को पंक्चर कर अज्ञात लोग कार में सवार लोगों के पास मौजूद नगदी व आभूषण लूटकर भाग निकले.
जानकारी के अनुसार फरियादी सत्यम भट्ट पिता श्रीकांत भट्ट उम्र 28 वर्ष निवासी टीलाजमालपुरा भोपाल बीनागंज में श्रीखाटू श्यामजी के भजन कार्यक्रम में कार द्वारा अपने साथियों के साथ गये हुए थे जब यह वापस भोपाल लौट रहे थे तभी मध्य रात्रि को यह घटना हुई.
हथियार दिखाकर की लूट
बताया जाता है कि तीज बडली के समीप एकाएक इनकी कार पंक्चर हो गई. इस पर चालक ने बाहर निकलकर देखा तो कार का टायर पूरी रह पंक्चर था. ड्रायवर द्वारा पंक्चर टायर के नट खोलकर उसे निकाला जा रहा था तभी एकाएक आसपास मौजूद झाडिय़ों में से से तीन लोग निकलकर आये और कार सवार लोगों को हथियार दिखाकर सत्यम के पास मौजूद 35,00 रूपए तथा हाथ में पहनी दो चांदी की अंगूठी निकलाकर भाग गए. किसी तरफ पीडि़त द्वारा कुरावर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी.
पूर्व में भी हो चुकी है घटना
जानकारी के अनुसार यहां पूर्व में भी लूट की घटना हो चुकी है. 6 दिसंबर 2022 को भी उक्त स्थान के पास उत्तर प्रदेश से शादी से लौटकर भोपाल की ओर आ रहे एक परिवार के साथ लूट की वारदात हुई थी जिसमें 4 लाख के सोने के आभूषण एवं 8000 रुपये नकदी की लूट हुई थी. उक्त घटना के आरोपियों का आज तक पता नहीं चल सका है. एक बार फिर बीती मध्य रात्रि को लूट की घटना हो गई, इससे राहगीरों में असुरक्षा का भाव बनने लगा है.
हाइवे पर लूट की घटना से असुरक्षा का भाव
जयपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफी आवाजही रहती है. दिन और रात्रि में यहां से हजारों वाहनों का आना-जाना लगता रहता है. ट्रक, बस, यात्री वाहनों सहित एवं राजधानी भोपाल आने-जाने वालों के लिए यही हाइवे मुख्य मार्ग है. दिन ही नहीं रात्रि में भी हाइवे पर काफी यातायात रहता है, ऐसे में हाइवे पर हुई लूट की घटना से वाहन चालको, राहगीरों में असुरक्षा का भाव बना है.
