
इंदौर. शहर में अवैध हथियारों की तस्करी को लेकर लगातार दबिश दे रही क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने दस हजार के इनामी व लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी जंगलों में अवैध देशी पिस्टल और कट्टों का निर्माण कर उन्हें इंदौर सहित अन्य इलाकों में बेचने का काम करता था.
एडीशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि 30 वर्षीय आरोपी आजाद सिंह पिता सुदान सिंह भाटिया निवासी ग्राम उमेठी, थाना वरला, जिला बड़वानी, प्राथमिक शिक्षा के बाद खेती-किसानी के साथ-साथ अवैध हथियार निर्माण में लिप्त हो गया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त अपराध ने दस हजार के इनाम की घोषणा की थी. इस गिरोह का एक अन्य सदस्य हिरमल पिता सिलदार चौहान, निवासी छेगांव थाना वरला, जिला बड़वानी को क्राइम ब्रांच ने मंगलवार 6 मई को तीन ईमली सुलभ शौचालय के पास से दबोचा था. उसके कब्जे से 10 देशी पिस्टलें मय मैग्जीन, दो जिंदा राउंड, एक लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल और एमपी 46 एमएन 6672 नंबर की एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की थी. उसके खिलाफ अपराध शाखा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था. पूछताछ में हिरमल ने कबूला था कि उसने ये सभी हथियार अपने साथी आजाद सिंह भाटिया से लिए थे, जो उन्हें जंगलों में बनाता और सप्लाई करता है. तभी से क्राइम ब्रांच उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी. मुखबिर की सूचना पर आरोपी आजाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि हथियार निर्माण में और कौन-कौन शामिल हैं, कहां-कहां सप्लाई की जाती थी और इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं.पुलिस ने कहा कि पूछताछ के बाद जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
