कोलंबो, 22 जुलाई (वार्ता) रायचंदानी (नाबाद 100) के बाद चिगुरुपति वेंकटा (चार विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय अंडर-19 टीम ने दूसरे यूथ टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय श्रीलंका के 155 रन पर चार विकेट झटक कर मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। श्रीलंका को यह मुकाबला जीतने के लिए 317 चाहिए। वहीं भारत को जीत के लिए छह विकेट की दरकार है। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में आठ विकेट गंवाकर दिन की शुरुआत की और जल्द ही 148 रनों पर सिमट गई। उन्होंने अपने कल के स्कोर में केवल 26 रन जोड़े और भारत को 263 रनों की बढ़त दे दी।
भारत ने अपनी दूसरी पारी की मजबूत शुरुआत की, लेकिन कविजा गमागे ने लगातार ओवरों में ओपनर सागर विर्क और नंबर 3 आर्यन सकपाल को आउट कर दिया। इसके बाद रायचंदानी और कप्तान यशवर्धन चौहान ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े, जिसके बाद विग्नेश्वरन आकाश ने चौहान को बोल्ड कर दिया। लेकिन इससे भारत की गति धीमी नहीं हुई। वे तेजी से इतना बड़ा स्कोर बनाना चाहते थे जो मेजबान टीम की पहुँच से बाहर हो और उन्हें श्रीलंका को आउट करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
पहली पारी में धैर्यपूर्वक 150 रन बनाने वाले मनाल चौहान ने दिखाया कि वे तेजी से भी खेल सकते हैं; उन्होंने 46 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए, जबकि रायचंदानी ने 116 गेंदों पर अपनी सेंचुरी पूरी की, जिसके बाद भारत ने पारी घोषित कर दी।
रायचंदानी ने नौ चौके और एक छक्का लगाया, जबकि मनाल ने सात चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों के बीच 95 रनों की नाबाद साझेदारी हुई।
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका शुरुआत एक बार फिर खराब रही और उसने 38 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गवां दिये। चौथी पारी की दूसरी ही गेंद पर वेंकटा ने ओपनर दिमंथा महाविथाना को पगबाधा आउट करने के साथ ही श्रीलंका की संघर्ष करने की उम्मीदों को झटका लगा। उन्होंने जल्द ही दूसरे ओपनर, अवेशा समश को भी डगआउट वापस भेज दिया। अपने अगले ओवर में, उन्होंने विरान चमुदिथा के पलटवार को रोक दिया; श्रीलंका के नंबर 3 बल्लेबाज़ 30 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन फिर मेजबान टीम ने सेनुजा वेकुनागोडा और कप्तान विमथ दिनसारा के बीच 98 रनों की साझेदारी से भारत को परेशान किया। हालांकि, स्टंप्स से नौ ओवर पहले, यशवर्धन ने वेकुनागोडा को 52 गेंदों में 64 रन पर विकेट के पीछे कैच आउट करा दिया। श्रीलंका ने दिन के अंत तक और कोई नुकसान नहीं होने दिया; उनके कप्तान 91 गेंदों में 55 रन और गमागे 26 गेंदों में एक रन बनाकर क्रीज़ पर डटे रहे, लेकिन आखिरी दिन जीत की ओर बढ़ने के लिए भारत की स्थिति सबसे मज़बूत लग रही है।
