दतिया: रूस में संदिग्ध हालात में जान गंवाने वाले इंदरगढ़ निवासी छात्र भरत बघेल का पार्थिव शरीर भारत लौट रहा है। भारत सरकार के हस्तक्षेप और भारतीय दूतावास की निगरानी में शव को मॉस्को के रास्ते भारत भेजा जा रहा है। भरत की मौत रूस के आर्खान्गेल्स्क में हुई थी।दूतावास से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक भरत के पार्थिव शरीर को स्मार्टविया एयरलाइंस की फ्लाइट से आर्खान्गेल्स्क से मॉस्को भेजा गया है। इसके बाद आज 26 जून को शाम 6:25 बजे एरोफ्लोट एयरलाइंस की फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी जाएगी। पार्थिव शरीर 27 जून की सुबह 3:20 बजे दिल्ली पहुंचेगा।
सेंट पीटर्सबर्ग स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से कहा गया है कि शव को भारत लाने की सभी कूटनीतिक और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कौंसल जनरल नीलम रानी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया गया है।भरत बघेल (31) नॉर्दर्न स्टेट मेडिकल कॉलेज, आर्खान्गेल्स्क (रूस) से एमबीबीएस कर रहा था। वह 2019 में रूस गया था और 2 जुलाई को भारत लौटने वाला था।
उसके दोस्त यश ने परिजनों को मौत की जानकारी दी। यश ने बताया कि भरत दोस्तों के साथ खाना खाने गया था, जहां वह छत से गिर गया। भरत के पिता डॉ. मुलायम बघेल ने बताया कि बेटे की शादी नवंबर में तय थी, सगाई हो चुकी थी। 28 जून को डिग्री मिलनी थी। उन्होंने कहा कि क्या हुआ, कैसे हुआ, अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। यहां तक कि वह कितनी मंजिल की छत से गिरा, यह भी पता नहीं चला है।सीएम ने जताया दुख : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर छात्र की मौत पर गहरा दुख जताया था। उन्होंने लिखा- भरत का पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए मैंने अधिकारियों को अपेक्षित कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के अधिकारी भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं।
