
सीहोर। भाई-बहन के पवित्र प्रेम का पर्व रक्षाबंधन शनिवार को उत्साह व उमंग के साथ मनाया जाएगा. त्योहार की पूर्व संध्या पर शहर के मेन रोड, गांधी रोड व अन्य बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों की खरीदारी के लिए बहनों की भीड़ उमड़ी रही. रुमाल, मिठाई, नारियल, फैनी और घेवर की भी जमकर बिक्री हुई. भीड़भाड़ के कारण कई बार जाम की स्थिति बनी, जिससे महिलाओं को पैदल चलने में परेशानी हुई. यातायात व्यवस्था बनाए रखने में विभाग की लापरवाही साफ दिखी.
ज्योतिषाचार्य पंडित गणेश शर्मा के अनुसार, इस साल रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा. भद्रा काल 8 अगस्त दोपहर 2:12 से 9 अगस्त सुबह 1:52 तक रहेगा, जबकि रक्षाबंधन 9 अगस्त को मनाया जाएगा। सुबह 5:35 से दोपहर 1:24 तक और अभिजीत मुहूर्त 12:00 से 12:53 बजे तक राखी बांधना अत्यंत शुभ रहेगा. बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना करेंगी और भाई बहनों को उपहार देंगे.
