
रीवा। रीवा जिले के बैकुंठपुर थाने से एक हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है. यहां अपने पति को पाने पत्नी तकरीबन 400 किलो मीटर दूर से एक माह के मासूम बच्चे को गोदी में लेकर थाने पहुंची. पुलिस ने भी पूरे मामले को गंभीरता से लिया और चोरी से दूसरी शादी करने जा रहे पति को रोकते हुए पहली पत्नी से पति का मिलान कराया.
इसके बाद पति ने गलती मानते हुए पहली पत्नी को अपनाया और साथ वापस चला गया और दूसरी शादी करने से इनकार कर दिया. इस पूरे मामले को लेकर बैकुंठपुर थाना प्रभारी श्रृंगेष राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा निवासी महिला एक माह के मासूम बच्चे को गोद में लेकर थाने आई थी. महिला ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उसकी शादी रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलैया निवासी राहुल तिवारी से हुई थी, महिला के मुताबिक पहले सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन कुछ दिन पूर्व ही राहुल उसे पेंड्रा में छोडक़र अपने गांव वापस आया था जहां से वापस नहीं गया. महिला ने बताया कि उसे एक दिन पूर्व ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि राहुल की दूसरी शादी सेमरिया थाना क्षेत्र में हो रही है जिसके बाद उसने राहुल से संपर्क किया तो राहुल का फोन बंद बता रहा था. महिला इसके बाद अपने एक माह के मासूम बच्चे को लेकर सीधे बैकुंठपुर थाना पहुंची और थाने में पूरी जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक रीवा शैलेंद्र सिंह चौहान से दूरभाष पर संपर्क किया. जिसके बाद एसपी के निर्देश पर तत्काल बैकुंठपुर पुलिस ने एक्शन लेते हुए राहुल तिवारी को थाने में तलब किया. जहां महिला और राहुल का सामना कराया इसके बाद राहुल ने अपनी गलतियों को मानते हुए और परिजनों के दबाव में दूसरी शादी करने की बात को स्वीकार किया. थाना प्रभारी ने बताया कि राहुल ने थाने में लिखित खाना पूर्ति करने के बाद अपनी पत्नी को लेकर घर चला गया है.
