नई दिल्ली, 03 दिसंबर, 2025: पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को देश का पहला चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) बनाने के फैसले के खिलाफ अब सेना के अंदर भी विरोध की आवाजें तेज हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू ने न केवल मुनीर का विरोध किया है, बल्कि उन्होंने खुद भी इस पद की दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने यह प्रस्ताव पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सामने रखा है।
जहीर अहमद बाबर सिद्धू ने अपनी दावेदारी का आधार बताते हुए कहा है कि आज के समय में किसी भी युद्ध में एयरफोर्स की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि मई में भारत के साथ हुई लड़ाई में पाकिस्तानी एयरफोर्स की भूमिका मुख्य थी, इसलिए उन्हें यह पद मिलना चाहिए। सिद्धू और नवाज शरीफ के बीच मजबूत संबंध बताए जा रहे हैं, जिससे यह उम्मीद बढ़ गई है कि सिद्धू को भी पाकिस्तान का पहला CDF बनाया जा सकता है।
एयर चीफ मार्शल को CDF बनाने की राह में एक बड़ी बाधा है। पिछले महीने हुए संशोधन में साफ कहा गया था कि CDF का पद पाकिस्तान सेना के एक फोर स्टार जनरल को मिलेगा। इसलिए जहीर अहमद बाबर सिद्धू को यह पद देने के लिए फिर से संविधान में संशोधन करना होगा। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आर्मी चीफ आसिम मुनीर इतनी आसानी से अपनी कुर्सी छोड़ेंगे, जिसके चलते पाकिस्तान में अब इस पद को लेकर तनाव बढ़ गया है।

