बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता पदयात्रा आयोजित

राजगढ़। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन में न्यायोत्सव: विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन 9 से 14 नवम्बर तक किया जा रहा है.

पहले दिन रविवार को बाल विवाह के खिलाफ हुंकार भरते हुए बाल विवाह की रोकथाम हेतु जागरूकता पदयात्रा आयोजित की गई. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव म. आपटे के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में बाल विवाह उन्मूलन के उद्देश्य से वृहद जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया.

पदयात्रा नाका नं 3 स्थित मंगल भवन से प्रारंभ हुई. जागरूकता यात्रा में बाल विवाह से होने वाले नुकसान से अवगत कराते हुए आमजन से इस कुप्रथा को समाप्त करने का आव्हान किया गया. नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पदयात्रा जिला न्यायालय परिसर पहुंची.

आयोजन में जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, पैरालीगल वॉलेंटियर्स, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स तथा महिला एवं बाल विकास, पुलिस, शिक्षा विभाग, विधि महाविद्यालय, अहिंसा वेलफेयर सोसायटी सहित अन्य समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की.

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजगढ़ द्वारा तैयार की गई विशेष ऑडियो जागरूकता क्लिप को नगर में निरंतर प्रसारित किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंच सके.

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश राजीव म. आपटे द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, एसडीएम, जिला परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, जिला शिक्षा अधिकारी, विधि महाविद्यालय के प्राचार्य, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

बाल विवाह समाज की प्रगति में गंभीर बाधा

प्रधान जिला न्यायाधीश श्री आपटे ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाल विवाह न केवल बालिकाओं के अधिकारों का हनन है, बल्कि यह समाज की प्रगति में भी एक गंभीर बाधा है. जब तक समाज इस कुरीति के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य नहीं करेगा, तब तक इसका समूल नाश संभव नहीं है.

पदयात्रा के समापन पर जिला न्यायालय परिसर में प्रतिभागियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी गई तथा यह संकल्प लिया गया कि जिले में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने हेतु न्यायालय, प्रशासन और समाज मिलकर निरंतर प्रयास करेंगे.

Next Post

स्वास्थ्य, स्वच्छता और कानूनी जागरूकता पर भव्य मैराथन और वॉकथन का आयोजन

Sun Nov 9 , 2025
सीहोर। रविवार को शहर में स्वास्थ्य, स्वच्छता और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक भव्य मैराथन और वॉकथन का आयोजन किया गया। लगभग पांच किलोमीटर लंबी दौड़ में हजारों नगरवासी, युवा, छात्र-छात्राएं, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस आयोजन का आयोजन रोटरी क्लब सीहोर, इनर व्हील क्लब, […]

You May Like