
इंदौर. बेहतर पुलिसिंग और जनता के प्रति समर्पण दिखाने वाले इंदौर पुलिस के 20 जवानों को मंगलवार को सम्मानित किय. पुलिस आयुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले इन पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त के निर्देशन में साप्ताहिक सम्मान कार्यक्रम शुरू किया है. इस पहल का उद्देश्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करना है. पलासिया स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने 20 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया. इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था अमित सिंह सहित सभी जोन के अधिकारी उपस्थित रहे.
पुरस्कार प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मी और उनके उल्लेखनीय कार्य
उपनिरीक्षक महेश चौहान (थाना राऊ): गुमशुदा महिला को दस्तयाब करने और मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने पर, प्रधान आरक्षक अरविंद सिंह तोमर (आजाद नगर): हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करने पर. प्रधान आरक्षक विलियम (एरोड्रम): चैन स्नैचिंग के आरोपी को पकड़ने पर. आरक्षक धनसिंह और आर सतीश रावले (कनाडिया): आगजनी की घटना में लोगों को सुरक्षित निकालने पर. प्रधान आरक्षक अरविंद पिपरालिया (तिलक नगर): महिला का ऑटो में छूटा मोबाइल बरामद करने पर. आरक्षक राघवेंद्र सिंह, आरक्षक अनिल जायसवाल, आरक्षक विश्वरतन सिंह (हीरानगर): वाहन चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों को अवैध हथियारों सहित पकड़ने पर. प्रधान आरक्षक जितेंद्र सोलंकी (अन्नपूर्णा): चोरी का खुलासा कर माल बरामद करने पर. प्रधान आरक्षक धीरज पांडे (चंदन नगर): चोरी की वारदात के आरोपी व खरीदारों की गिरफ्तारी पर. आरक्षक कृष्णचंद शर्मा (द्वारकापुरी): 463 ग्राम अफीम (कीमत 4 लाख) जब्त करने पर. आरक्षक दीपक सिंह परिहार (पंढरीनाथ): आत्महत्या का प्रयास करने वाले किन्नरों की जान बचाने पर. आरक्षक विनीत राजपूत (भंवरकुआं): जिलाबदर का उल्लंघन करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी पर. आरक्षक देवेंद्र सिंह (यातायात): महिला का पर्स छीनने वाले बदमाश को पकड़ने पर. शारदा मुजाल्दे (यातायात): बेहतर यातायात प्रबंधन पर. आरक्षक श्रीराम पाटीदार (यातायात): सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की जान बचाने पर. प्रधान आरक्षक आशीष घाघरे (यातायात): अवैध हथियार सहित आरोपी की गिरफ्तारी पर. सब उपनिरीक्षक अविनाश दिवाकर (अपराध शाखा): चरस तस्करी के आरोपी की गिरफ्तारी पर. आरक्षक मोहन सिंह भदौरिया (अपराध शाखा): चेन स्नैचर को माल सहित पकड़ने और अलग-अलग मामलों में 43 ग्राम ब्राउन शुगर व 22 ग्राम एमडी ड्रग बरामद करने पर.
कमिश्नर का संदेश-
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने सम्मान समारोह के दौरान कहा कि अच्छा काम करने वालों की सराहना से न केवल उनका मनोबल बढ़ता है, बल्कि पूरी टीम में प्रेरणा का माहौल बनता है. हमारी प्राथमिकता है कि जनता को बेहतर पुलिसिंग मिले और हर पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य को जिम्मेदारी से निभाए.
