राज्यपाल ने वन एवं जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा की

भोपाल, 16 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पीएम जनमन योजना अंतर्गत दूरस्थ अंचलों के लिए संचालित “मोबाइल मेडिकल यूनिट” को सराहनीय पहल बताया है। उन्होंने बैगा, भारिया और सहरिया जनजातीय अंचलों में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट में सिकलसेल एनीमिया रोग की दवाइयों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्यपाल श्री पटेल आज यहां वन एवं जनजातीय कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। श्री पटेल ने वन अधिकार अधिनियम 2006 के क्रियान्वयन कार्य की समीक्षा की। सामुदायिक और व्यक्तिगत वन अधिकारों, वन संसाधन संरक्षण, वन ग्राम के राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन के कार्य की प्रगति से भी अवगत हुए। उनके समक्ष जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान योजना अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई।

राज्यपाल ने कहा कि पीएम जनमन आवास योजना अंतर्गत बनने वाले मकानों की डिजाइनिंग, आकार के प्रारूप के संबंध में राज्य स्तर से मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। कार्य की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के द्वारा निर्माण कार्य का क्षेत्र निरीक्षण भी किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजना के हितग्राही को आवास की डिजाइनिंग और आकार में परिवार की जरूरतों, प्रकाश और हवा के समुचित प्रबंध करने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान अवधि के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की समय सीमा में पूर्ति भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव वन अशोक बर्णवाल, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता, प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य गुलशन बामरा, उपसचिव श्रीमती वंदना वैद्य, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वी.एन. अंबाडे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

 

 

Next Post

हॉकी इंडिया सीनियर नेशनल में सिल्वर जीतकर आए जैद और सुंदरम का किया सम्मान

Wed Apr 16 , 2025
इटारसी। झांसी में संपन्न हुई 15 वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 में मध्यप्रदेश की हॉकी टीम उपविजेता रही है। इस टीम में इटारसी डीएचए के दो प्लेयर सुंदरम सिंह राजावत और मो.जैद खान ने भी प्रतिनिधित्व किया। इन दोनों प्लेयर का आज शाम यहां गांधी स्टेडियम में […]

You May Like