मुंबई, 20 अप्रैल (वार्ता) यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया (यूडब्ल्यूए) के मुंबई और चेन्नई स्थित परिसरों के लिए आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गयी।
यूडब्ल्यूए इसके साथ ही एक ही समय में भारत में दो परिसर स्थापित करने वाला एकमात्र विदेशी विश्वविद्यालय बन गया है।
विश्वविद्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इच्छुक छात्र अब उद्योग-सुसंगत तथा तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के चयनित विकल्पों में दाखिला ले सकते हैं। उपलब्ध पाठ्यक्रमों में कॉम्प्यूटर साइंस, साइबर सिक्युरिटी, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिजनेस मैनेजमेंट, ग्लोबल बिजनेस, एंटरप्राइजेज एंड इनोवेशन, इकोनॉमिक्स, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) तथा मास्टर ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी शामिल हैं।
यूडब्ल्यूए के कुलपति प्रो. अमित चकमा ने कहा, “भारत में हमारे परिसरों के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होना यूडब्ल्यूए की यात्रा का एक महत्वपूर्ण चरण है। मुंबई और चेन्नई के माध्यम से अधिकाधिक भारतीय विद्यार्थियों को देश में रहकर वैश्विक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। हमारा ध्यान केवल शैक्षणिक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योगों के साथ गहरा एकीकरण, अंतर्राष्ट्रीय प्राध्यापक वर्ग और सुदृढ़ सहयोग के माध्यम से हम ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रहे हैं, जो विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन में प्रभावी योगदान देने के लिए तैयार करता है। भारत की संभावनाओं और यहाँ की असाधारण प्रतिभा पर हमारा पूर्ण विश्वास है।”
मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित परिसर में पहला बैच सितंबर 2026 से शुरू होगा। चेन्नई परिसर मार्च 2027 से अधिकांश पाठ्यक्रमों के साथ प्रारंभ होगा।
