
रतलाम। दो बत्ती चौपाटी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच बुधवार को दुकानदारों ने नगर निगम पहुंचकर अपनी आजीविका की चिंता अधिकारियों और महापौर प्रहलाद पटेल के सामने रखी। दुकानदारों की मुख्य मांग रही कि उन्हें हटाने से पहले कारोबार के लिए वैकल्पिक स्थान दिया जाए, ताकि कार्रवाई के बाद उनका रोजगार प्रभावित न हो।
मामला मंगलवार की कार्रवाई से जुड़ा है। नगर निगम का अमला जेसीबी लेकर घोड़ा चौराहा स्थित चौपाटी पहुंचा था। कार्रवाई का दुकानदारों ने विरोध किया था। मौके पर स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया। इसके बाद बुधवार को निगम परिसर में दुकानदारों और अधिकारियों के बीच चर्चा के जरिए समाधान निकालने की बात तय हुई थी।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे दुकानदार निगम परिसर पहुंचे। यहां प्रदर्शन की तैयारी के दौरान राजनीतिक दल के झंडे दिए जाने पर दुकानदारों ने खुद को प्रदर्शन से अलग कर लिया। दुकानदारों का कहना था कि वे अपनी दुकानों और रोजगार की समस्या लेकर आए हैं और चाहते हैं कि उनकी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचे। इसके बाद दुकानदारों ने उपायुक्त एसआर सीटोले से मुलाकात कर चौपाटी से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें हटाया जाना है तो पहले ऐसी जगह उपलब्ध कराई जाए, जहां वे अपना कारोबार जारी रख सकें।
महापौर से मिले दुकानदार, परेशानी बताई
अधिकतर ठेला संचालक महापौर प्रहलाद पटेल से मिलने पहुंचे। दुकानदारों ने कार्रवाई के बाद परिवार की रोजी-रोटी प्रभावित होने की चिंता जताई। दुकानदारों ने महापौर सेकहा कि उन्होंने मांग रखी कि चौपाटी से हटाने की कार्रवाई से पहले सभी दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तय की जाए।
