
नयी दिल्ली, 08 मई (वार्ता) पुरानी कारों की खरीद-बिक्री का प्लेटफॉर्म प्रदान करने वाली कंपनी ‘कार्स24’ ने अपने इतिहास की पहली बार तिमाही मुनाफा दर्ज किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 20 करोड़ रुपये का लाभ (समायोजित परिचालन) हासिल किया है। कंपनी के मुताबिक, यह सफलता केवल पुरानी कार खरीदने-बेचने वाले मंच से आगे बढ़कर एक बड़े कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित इकोसिस्टम बनने के कारण मिली है।
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में उसकी समायोजित शुद्ध आय सालाना आधार पर 37 प्रतिशत बढ़कर 760 करोड़ रुपये पहुंच गयी, जबकि घाटे में 83 प्रतिशत की कमी आई। बेहतर कामकाजी व्यवस्था, खर्च नियंत्रण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक के इस्तेमाल से यह सुधार संभव हुआ। कंपनी अब केवल पुरानी कारों की खरीद-बिक्री के मंच तक सीमित नहीं है, बल्कि बीमा, फास्टैग, वाहन दस्तावेज, ऋण, नियम संबंधी प्रक्रियाएं, रखरखाव और भविष्य में कार बेचने जैसी सेवाएं भी दे रही है। कंपनी के अनुसार, हर महीने 3.8 करोड़ से ज्यादा लोग उसके मंच का इस्तेमाल करते हैं और भारत में लगभग हर 10 में से एक वाहन मालिक किसी न किसी सेवा के लिए उससे जुड़ता है।
कंपनी के मुख्य कारोबार में भी मजबूत बढ़त दर्ज की गयी है। खुदरा कारोबार का कुल लेन-देन मूल्य 35 प्रतिशत बढ़ा है और अब यह कुल कारोबार मूल्य में 60 प्रतिशत से अधिक योगदान दे रहा है। वाहन ऋण वितरण 57 प्रतिशत बढ़कर 1,789 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि वाहन स्वामित्व सेवाओं में 11 गुना वृद्धि दर्ज की गयी। विदेशी बाजारों में भी कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। संयुक्त अरब अमीरात में कंपनी ने परिचालन स्तर पर मुनाफा दर्ज किया, जबकि ऑस्ट्रेलिया का कारोबार भी संचालन लाभ में पहुंच गया।कार्स24 ने कहा कि उसकी नई रणनीति में कृत्रिम बुद्धिमत्ता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कंपनी अब कीमत तय करने, वाहन जांच, ग्राहक सेवा और जोखिम आकलन जैसे काम कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से कर रही है। इसका असर यह हुआ कि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में प्रति कर्मचारी आय 50 प्रतिशत बढ़ गयी।
कार्स24 के सह-संस्थापक विक्रम चोपड़ा ने कहा कि कंपनी केवल कार बेचने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि ग्राहक की पूरी कार स्वामित्व यात्रा में साथ रहना चाहती है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता अब कंपनी के लिए सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि पूरे कारोबार को चलाने का आधार बन चुकी है। कंपनी के अनुसार, उसके हर चार में से तीन ग्राहक पहली बार कार खरीदने वाले हैं। कार्स24 का कहना है कि ऋण सुविधा, भरोसेमंद वाहन जांच और आसान सेवाओं की मदद से वह नये ग्राहकों के लिए कार खरीदना आसान बना रही है। अब कंपनी अपने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित वाहन सेवा तंत्र को और मजबूत करने, विदेशों में विस्तार करने और कार स्वामित्व के लिए एकीकृत मंच तैयार करने पर ध्यान दे रही है।
