कंबल वितरण के दौरान अफरा-तफरी, राहत कार्य में दिखी अव्यवस्था

छतरपुर। कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने की पहल उस समय अफरा-तफरी में बदल गई, जब देर शाम कंबल वितरण के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। ठंड से बचाव के लिए बांटे जा रहे कंबलों को पाने के लिए लोगों में होड़ मच गई और मौके पर छीना-झपटी की स्थिति बन गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो शनिवार रात सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल द्वारा जिला अस्पताल परिसर स्थित रैन बसेरा, बस स्टैंड क्षेत्र और पन्ना रोड के फुटपाथों पर रहने वाले बुजुर्गों, असहायों और जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए जा रहे थे। वितरण के दौरान अचानक भीड़ बढ़ गई और कंबलों को लेकर लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया। कई लोग एक-दूसरे से कंबल छीनते और बहस करते नजर आए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

हालांकि इस दौरान कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने पन्ना रोड पर फुटपाथ पर रह रहे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन जरूरतमंदों की पहचान कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कलेक्टर ने शहर के सभी नगरीय निकायों को सार्वजनिक स्थानों, फुटपाथों और प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मानवता के नाते जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि शीतलहर के इस दौर में कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो।

Next Post

नियंत्रण से बाहर बांधवगढ़ की बाघिन घर में घुसी, गांव में दहशत

Sun Jan 11 , 2026
शिवपुरी। माधव टाइगर रिजर्व में छोड़ी गई बांधवगढ़ की बाघिन एमटी-6 अब वन विभाग के नियंत्रण से बाहर होकर रिहायशी इलाकों में घुस रही है। अमोला घाटी से भटकती हुई यह बाघिन वापस सुरवाया के मोहम्मदपुर खुटेला गांव जा पहुंची और वहां मनीराम आदिवासी के घर में घुस गई। इस […]

You May Like