
शिवपुरी। माधव टाइगर रिजर्व में छोड़ी गई बांधवगढ़ की बाघिन एमटी-6 अब वन विभाग के नियंत्रण से बाहर होकर रिहायशी इलाकों में घुस रही है। अमोला घाटी से भटकती हुई यह बाघिन वापस सुरवाया के मोहम्मदपुर खुटेला गांव जा पहुंची और वहां मनीराम आदिवासी के घर में घुस गई। इस घटना ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया है। जब बाघिन खेतों के रास्ते गांव में दाखिल हुई, तो उसने एक भैंस पर हमला कर उसे घायल कर दिया। दूसरी भैंसों के आ जाने से बाघिन वहां से हट गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर खड़े हैं और बाघिन की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सवाल किया गया तो उन्होंने इंसानी दखल को जिम्मेदार ठहराया। सिंधिया ने कहा, टाइगर अपनी जगह सही है, इंसान उसके इलाके में घुस आया है। उन्होंने नेशनल पार्क के भीतर बसे 5 गांवों के अब तक विस्थापित न हो पाने पर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
