ऊर्जाधानी में पांच दिनों से सूर्य देवता के दर्शन नहीं, पछुआ हवा ने बढ़ाई ठिठुरन

सिंगरौली। ऊर्जाधानी में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते पांच दिनों से सूर्य देवता के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं, जिससे ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह से शाम तक छाए घने कोहरे और पछुआ हवा ने ठिठुरन को कई गुना बढ़ा दिया है। हालात यह हैं कि लोग घरों से निकलने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं।

शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे आमजन के साथ-साथ गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और मवेशी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। खुले में रहने वाले लोगों के लिए यह ठंड किसी आफत से कम नहीं है। वहीं कड़ाके की ठंड स्कूली नौनिहाल बच्चों के लिए भी बड़ी समस्या बन गई है। सुबह-सुबह ठंड और कोहरे में स्कूल जाने को मजबूर बच्चे ठिठुरते नजर आ रहे हैं। कई अभिभावक बच्चों को सर्दी, खांसी और बुखार की आशंका के चलते स्कूल भेजने से हिचक रहे हैं। अभिभावकों की मांग है कि ठंड को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया जाए या कुछ दिनों के लिए अवकाश घोषित किया जाए, ताकि बच्चों की सेहत से कोई समझौता न हो। साथ ही भीषण ठंड के बावजूद प्रशासनिक तैयारियां नाकाफी नजर आ रही हैं। अलाव, कंबल वितरण और राहत व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही है। आमजन का सवाल है कि जब मौसम विभाग पहले ही ठंड और कोहरे की चेतावनी दे चुका था, तो समय रहते ठोस इंतजाम क्यों नहीं किए गए। ऊर्जाधानी में ठंड का यह प्रकोप फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा। जब तक सूर्य देवता के दर्शन नहीं होते, तब तक राहत की उम्मीद भी कम ही है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस ठंड से निपटने के लिए जमीन पर ठोस कदम उठाएगा या फिर जनता को इसी तरह ठिठुरते रहने के लिए छोड़ दिया जाएगा।

कोहरे का कहर, सुबह 10 बजे तक थमी रहती है रफ्तार

घने कोहरे के चलते सुबह करीब 10 बजे तक दृश्यता बेहद कम बनी रहती है। हालत यह है कि सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आते हैं। हाईवे हो या ग्रामीण मार्ग, हर जगह हादसों का खतरा बना हुआ है। दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ भारी वाहनों को भी आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे और ठंड के इस दोहरे प्रकोप ने दैनिक जीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से निकल रहे हैं। बाजारों में सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहता है, जो दोपहर के बाद कहीं जाकर टूटता है।

गरीबों और मवेशियों पर सबसे ज्यादा मार

भीषण ठंड का सबसे ज्यादा असर गरीब, असहाय और खुले में जीवन यापन करने वालों पर पड़ रहा है। शहर के कई हिस्सों और ग्रामीण इलाकों में अलाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। ठंड से बचाव के साधन न होने के कारण कई लोग रातें जागकर काटने को मजबूर हैं। मवेशियों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। ठंड और कोहरे के कारण पशुधन बीमार पड़ने लगा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है। पशुओं के लिए भी न तो पर्याप्त आश्रय की व्यवस्था है और न ही ठंड से बचाव के उपाय।

Next Post

चीतल का शिकार करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Sun Dec 21 , 2025
सीधी। जिले के वन सहायक संचालक अधिकारी कुसमी के निर्देशन पर चीतल का शिकार करने वाले फरार आरोपी को वन कर्मियों ने पकडकर मझौली न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है। परिक्षेत्र सहायक कुसमी से मिली जानकारी अनुसार बीट खरसोती में जंगली जानवर चीतल […]

You May Like

मनोरंजन

एस. एस.राजामौली ने महेश बाबू की फिल्म वाराणसी के लिए हैदराबाद में बनाया आलीशान सेट मुंबई, 25 मार्च (वार्ता) फिल्मकार एस. एस. राजामौली ने अपनी आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ के लिए हैदराबाद में आलीशान सेट बनाया है। फिल्म वाराणसी में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं।अभी इस फिल्म का प्रोडक्शन चल रहा है और यह हैदराबाद में लगाए गए शानदार सेटों के लिए खूब सुर्खियां बटोर रही है, जहाँ बड़े पैमाने पर वाराणसी की झलक को फिर से बनाया गया है। प्रतिष्ठित मंदिरों और आलीशान महलों के डिजाइन से लेकर बारीक से बारीक बनावट तक, ये सेट वाराणसी से इतने मिलते-जुलते हैं कि कोई भी यह महसूस किए बिना नहीं रह सकता कि वे साक्षात उसी पवित्र शहर के बीचों-बीच खड़े हैं। घाटों, मंदिरों और वहाँ के माहौल को इतनी बारीकी से डिजाइन किया गया है कि वाराणसी की रूह को पूरी तरह से उसमें उतारा जा सके, जिससे ये सेट एकदम असली नजर आ रहे हैं। चर्चा को और बढ़ाते हुए, ‘वाराणसी’ से महेश बाबू का ‘रुद्र’ के रूप में दमदार लुक, पृथ्वीराज सुकुमारन का ‘कुंभा’ के रूप में इंटेंस पहला लुक और प्रियंका चोपड़ा जोनस का ‘मंदाकिनी’ के रूप में रौबदार अवतार पहले ही सामने आ चुका है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और पूरे देश में एक्साइटमेंट भर दी है। इन शानदार झलकियों ने उम्मीदें बहुत बढ़ा दी हैं, और अब दर्शकों का इंतज़ार सातवें आसमान पर है क्योंकि हर कोई इस भव्य सिनेमाई अनुभव का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है, जो सात अप्रैल, 2027 को बड़े पर्दे पर एक ग्रैंड रिलीज के लिए तैयार है।