शिवपुरी: शिवपुरी में विष्णु मंदिर से पुरानी शिवपुरी की ओर जाने वाली बर्फ फैक्ट्री रोड पर रात दो बजे के समय दो खतरनाक मगरमच्छ बेखौफ सड़क पर टहलते नजर आए, जिनकी लंबाई करीब 10 फीट बताई जा रही है. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.यह रोड शिवपुरी की प्रमुख सड़कों में से एक है और माधव चौक से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है.
मगरमच्छों का इस तरह से मुख्य सड़क पर आना न सिर्फ खतरे से खाली नहीं है, बल्कि बड़ी घटना का संकेत भी देता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रोड के पास बने नाले में बीते कुछ वर्षों से एक दर्जन से ज्यादा मगरमच्छ दिखाई देते रहे हैं, जो रात में सड़क पर आकर लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन जाते हैं.
शिवपुरी की सांख्य सागर झील, जो माधव राष्ट्रीय उद्यान का हिस्सा है, वहां करीब दो हजार से ज्यादा मगरमच्छ रहते हैं. नालों के रास्ते यह मगरमच्छ शहर के अलग-अलग हिस्सों में घुस आते हैं. बीते कुछ सालों में ठंडी सड़क, बर्फ फैक्ट्री रोड, पुरानी शिवपुरी, छतरी रोड, महल कॉलोनी और रामबाग कॉलोनी जैसे इलाकों में भी मगरमच्छों को देखा गया है.
