नयी दिल्ली, 14 मई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘आखिरी सवाल’ को देखने के बाद इसकी तारीफ की है। फिल्म आखिरी सवाल के टीज़र और हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा पैदा कर दी है। संजय दत्त स्टारर यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। थिएटर रिलीज से पहले मेकर्स ने 13 मई को दिल्ली में इसका भव्य प्रीमियर आयोजित किया, जो हाल के समय में राजधानी के सबसे बड़े फिल्मी आयोजनों में से एक बन गया। इस खास शाम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं, जिन्होंने फिल्म की कास्ट और टीम के साथ इसे देखा। प्रीमियर के बाद उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर आखिरी सवाल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल के प्रेरणादायक सफर को शानदार तरीके से दिखाती है और समाज सेवा एवं राष्ट्र भावना जगाने में उसके योगदान को सामने लाती है। साथ ही उन्होंने फिल्म की दमदार कहानी, निर्देशक और कलाकारों की परफॉर्मेंस की भी सराहना की।
श्रीमती गुप्ता ने ट्वीट किया, “फिल्म “आख़री सवाल” की स्टारकास्ट और टीम के साथ इस विशेष फिल्म को देखने का अवसर मिला। यह फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की प्रेरणादायी यात्रा, राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान, सेवा, संगठन और सांस्कृतिक चेतना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास करती है। देश के सामाजिक और वैचारिक जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी गंभीरता से उठाया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की यात्रा सेवा, संस्कार, संगठन और राष्ट्र समर्पण की एक अद्भुत यात्रा रही है।
गांव-गांव, गली-गली में समाज जीवन को संगठित करने, राष्ट्रभाव जागृत करने और आपदा से लेकर सामाजिक उत्थान तक हर क्षेत्र में संघ के स्वयंसेवकों ने निस्वार्थ भाव से कार्य किया है। यह शताब्दी भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के सतत संकल्प का भी प्रतीक है।राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग , संजय दत्त , अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी एवं पूरी टीम को इस सार्थक प्रयास के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।” आखिरी सवाल का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर अभिजीत मोहन वरंग ने किया है। फिल्म को निखिल नंदा प्रस्तुत कर रहे हैं। इसका निर्माण निखिल नंदा और संजय दत्त ने किया है, जबकि सह-निर्माता पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्ज्वल आनंद हैं। फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं। यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

