
रीवा।उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के संजय गांधी अस्पताल में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की तरह मरीजों को चिकित्सीय सुविधाएँ मिलेंगी. गैस्ट्रोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक मशीनों के उपलब्ध हो जाने से लीवर संबंधित सभी इलाज संजय गांधी अस्पताल में होंगे और मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा.
संजय गांधी अस्पताल के मेडिसीन विभाग में संचालित गैस्ट्रोलॉजी और हेपेटोलॉजी, इंटरवेंशन, एंडोस्कोपी डिवीजन के लिए एनसीएल से 6.4 करोड़ रूपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किये गये. संजय गांधी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लीवर से जुड़ी बीमारियों के लिए मरीजों को सुविधाएं देने की शुरूआत हो गयी है. आने वाले दिनों में सभी संसाधनों की पूर्तिकर आवश्यक उपकरण/मशीनों की उपलब्धता हो जाने से लीवर से संबंधित सभी प्रकार के इलाज होने लगेंगे और लोगों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में पदस्थ चिकित्सक पूरे मनोयोग से कार्य कर रहे हैं. उन्हें उपकरण व संसाधन मुहैया कराये जा रहे हैं. डॉक्टरों की इच्छाशक्ति से ही हमें कार्य करने का प्रोत्साहन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज तथा उससे संबंद्ध चिकित्सालय में 322 करोड़ रूपये की लागत से नवीनीकरण तथा डॉक्टर्स कालोनी का निर्माण का कार्य करायें जायेंगे. प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों के चिकित्सालयों को भी पर्याप्त धन राशि से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जा रहा है ताकि वहां सभी प्रकार की चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध रहें और मरीजों को बाहर न जाना पड़े. उप मुख्यमंत्री ने एनसीएल सिंगरौली को पुनीत कार्य के लिए धन्यवाद दिया. कार्यक्रम में एनसीएल के जीएम राजीव रंजन, डीन डा0 सुनील अग्रवाल, डा0 मनोज इंदुलकर, अधीक्षक डा0 राहुल मिश्रा, डा0 पीके बघेल, डा0 प्रदीप निगम, डा0 अनुराग चौरसिया आदि मौजूद रहे.
रीवा चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है: सांसद
इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि एनसीएल द्वारा सीएसआर मद से जो धन राशि दी जा रही है वह स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है. रीवा में उप मुख्यमंत्री के प्रयासों से चिकित्सा के क्षेत्र में सुविधाओं में तेजी से वृद्धि हुई है. अब ऐसी कोई भी बीमारी नहीं है जिसका इलाज रीवा में न हो सके. उन्होंने कोरोना काल में रीवा के डॉक्टर्स व चिकित्सा स्टाफ द्वारा किये गये सेवाभाव की प्रशंसा की. रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने भी सम्बोधित किया.
