​5 नंबर बस स्टॉप पर एनजीटी नियमों की धज्जियां: नाले में भराव से पुरानी बस्तियों पर मंडराया जलभराव का खतरा

भोपाल: 5 नंबर बस स्टॉप शिवाजी नगर स्थित रविशंकर शुक्ल मार्केट के री-डेवलपमेंट का काम हाउसिंग बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है. मार्केट के विस्थापित दुकानदारों को पहले ही 5 नंबर बस स्टॉप सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जा चुका है. इसके बावजूद मार्केट के पास लिंक रोड नंबर-2 की मुख्य सडक़ से लगी जमीन पर गुमटियां रखवा दी गई हैं. री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की आड़ में कुछ प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए रातों-रात पोकलेन और जेसीबी मशीनों से मुख्य नाले तथा ग्रीन बेल्ट की जमीन पर भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा डाला गया. बारिश के दौरान नाले में किया गया यह भराव चिंता का विषय बताया जा रहा है. वहां के नजदीक बस्ती के रहवासियों का आरोप है कि इससे नाले की पानी निकासी की क्षमता प्रभावित हो सकती है. नाले का प्रवाह बाधित होने पर आसपास की पुरानी बस्तियों और आवासीय मकानों में जलभराव का खतरा बढ़ सकता है.
-नाले की सीमा में निर्माण पर रोक
भोपाल के लागू मास्टर प्लान-2005 का हवाला देते हुए कहा गया है कि एनजीटी के नियमानुसार नाले की सीमा से 9 मीटर के दायरे में भराव या निर्माण की अनुमति नहीं है. वहीं, शहर के कई इलाकों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई चल रही है. एैसे में आवासीय बस्ती से लगी जमीन पर नई दुकानें और घुमठियां स्थापित होने को लेकर नगर निगम की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं.
इनका कहना है
हाउसिंग बोर्ड ने इससे संबंधित कागजात एसडीएम को भेजे थे और मौके पर आरआई मैडम भी मौजूद थीं. यह दुकान स्थायी नहीं है, केवल दो साल के लिए अस्थायी रूप से लगाई गई है, इसके बाद इसे शिफ्ट कर दिया जाएगा. नाले से 9 मीटर की दूरी इसलिए नहीं रखी गई, क्योंकि मौके पर पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है.
अर्जुन गौर, इंजीनियर, हाउसिंग बोर्ड, भोपाल
कल हाउसिंग बोर्ड ओर निगम के अधिकारियों से मौके पर बात हुई थी उन्होंने एसडीएम से मंगलवार को बात करने को बोला था, लेकिन रात को ही उन्होंने भराव कर गुमटियां रखवा दी.
योगेन्द्र गुड्डू चौहान पार्षद वार्ड 45

Next Post

तीज और श्री गणेश स्थापना को लेकर उमड़ी भीड़

Mon Sep 14 , 2026
दमोह। श्री गणेश जी की स्थापना व तीज के त्यौहार को लेकर बाजार में खासी रौनक बनी हुई है। दमोह शहर के घंटाघर सहित अन्य बाजारों में जमकर खरीदारी की गई और भीड़भाड़ का माहौल देखा गया। महिलाओं ने रखा तीज का व्रत बता दें कि तीज का पर्व भगवान […]

You May Like