नई दिल्ली, 04 दिसंबर, 2025: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आज सुबह-सुबह देश के कई राज्यों में एक साथ बड़े स्तर पर छापेमारी की है। बिहार, यूपी और हरियाणा सहित कुल 22 स्थानों पर यह कार्रवाई की जा रही है। यह छापेमारी NIA की पटना ज़ोनल ऑफिस द्वारा दर्ज की गई एक FIR से जुड़ी है, जिसमें अवैध हथियारों की सप्लाई और संदिग्ध नेटवर्क की जांच जारी है।
NIA सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई उन नेटवर्क्स पर केंद्रित है, जो देशभर में गैरकानूनी तरीकों से हथियार और संदिग्ध सामग्री सप्लाई कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क संभावित आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है। एजेंसी को कुछ अहम इनपुट मिले हैं, जिनके आधार पर दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से जुड़े आरोपियों का कनेक्शन भी खंगाला जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बिहार, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रास्ते दिल्ली–एनसीआर में पहुँचाए जा रहे थे। NIA संदिग्ध लोगों की एक सूची के आधार पर तलाशी कर रही है। छापेमारी के दौरान एजेंसी को डिजिटल डिवाइस, दस्तावेज़ और अन्य संभावित सबूत मिलने की उम्मीद है, जो इस अवैध सप्लाई नेटवर्क को उजागर करने में मदद कर सकते हैं।

