
छापीहेड़ा। छापीहेड़ा थानांतर्गत ग्राम खजुरी गोकुल स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में एक पखवाड़े के भीतर दूसरी बार गुरुवार को चोरी की घटना से आक्रोश व्याप्त हो गया.
मंदिर में हाल ही में चोरी की यह दूसरी घटना है. एक पखवाड़े में मंदिर के गर्भगृह से दूसरी बार चोरी होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया. ताजा घटनाक्रम में 5 फरवरी गुरुवार को दिनदहाड़े दोपहर करीब 1 बजे से शाम 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने हनुमानजी की प्रतिमा से लगभग एक किलो वजनी चांदी का मुकुट तथा 200 ग्राम वजनी ‘राम नाम’ अंकित चांदी की माला चोरी कर ली. चोरी की यह घटना ऐसे समय हुई जब मंदिर परिसर में सामान्य चहल-पहल बनी हुई थी. चोर बड़ी आसानी से गर्भगृह तक पहुंचे और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए.
विदित है कि इसके पूर्व 21 जनवरी 2026 को भी इसी मंदिर से चांदी का छत्र चोरी हो चुका है,
जिसका वजन लगभग 500 से 700 ग्राम बताया गया है. उस समय भी ग्रामीणों ने छापीहेड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका और इसी बीच यह दूसरी बार चोरी की घटना हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर
पहुंची और जांच शुरू की. रात्रि में ही थाने पहुंचे ग्रामीणजन –
दूसरी बार चोरी की घटना से आक्रोश व्याप्त हा गया. ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में एकत्र हुए और यहां से ग्रामीणजन छापीहेड़ा थाने पहुंचे तथा चोरी की घटना को लेकर रोष व्यक्त किया तथा जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां दिन दहाड़े चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे है. यदि शीघ्र ही चोरों का खुलासा नहीं हुआ तो सामूहिक रूप से आंदोलन करने को मजबूर होंगे. थाना प्रभारी के अनुसार आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
