
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने प्राचीन ग्रंथ रुद्रयामल तंत्र को लेकर विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा दिए गए बयानों को उनके निजी विचार बताया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंचों से पवित्र धर्मग्रंथों की भ्रामक व्याख्या करना अनुचित है और इससे समाज के विभिन्न वर्गों के बीच अनावश्यक अविश्वास उत्पन्न हो सकता है।
कांग्रेस का पक्ष स्पष्ट करते हुए मुकेश नायक ने कहा कि रुद्रयामल तंत्र भगवान शिव और शक्ति के संवादों का पावन संकलन है, जो एकता, समानता और समूची मानवता की गरिमा पर बल देता है। उन्होंने ग्रंथ के श्लोकों का उल्लेख करते हुए कहा कि तंत्र मार्ग सभी वर्णों और आश्रमों के लिए समान रूप से उपलब्ध है तथा प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के आध्यात्मिक अधिकार प्रदान करता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह ग्रंथ मानव शरीर को देवालय और प्रत्येक जीव को दिव्य स्वरूप मानता है, इसलिए इसे जाति या वर्ग विशेष के विरुद्ध बताना निराधार है। नायक ने यह भी कहा कि विज्ञान भैरव तंत्र सहित प्रसिद्ध ध्यान पद्धतियाँ इसी परंपरा से निकली हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सभी धर्मग्रंथों का सम्मान करती है और ऐसे अविचारित व्यक्तिगत विचारों का समर्थन नहीं करती जो सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भावनाओं को आहत करें।
