मार्क कार्नी ने अल्बर्टा से अलगाव जनमत संग्रह खारिज करने की अपील की

कैलगरी, 16 अक्टूबर (वार्ता) कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने चेतावनी दी है कि अमेरिका कनाडा को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है ताकि वह उस पर अपना नियंत्रण जमा सके।
श्री कार्नी ने इसके साथ ही सोमवार को होने वाले मतदान से पहले अल्बर्टा के लोगों से अलगाव के प्रयासों को खारिज करने की अपील की है।

गुरुवार को कैलगरी में आयोजित ‘फॉरएवर कनाडाई’ रैली को संबोधित करते हुए श्री कार्नी ने कहा, “यह जनमत संग्रह सबसे खराब समय पर हो रहा है। दुनिया अधिक खतरनाक और विभाजित हो गयी है। हमारी सीमाओं के बाहर के कुछ लोग हमें तोड़ने में लगे हैं ताकि वे हम पर मालिकाना हक जता सकें।”
श्री कार्नी ने हालांकि अपने भाषण में अमेरिका या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन इससे पहले भी वह अमेरिका के साथ व्यापार युद्ध और कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की बार-बार दी जा रही धमकियों के बीच इस तरह की चेतावनियां जारी कर चुके हैं।

यह मतदान सीधे तौर पर यह तय नहीं करेगा कि अल्बर्टा स्वतंत्र देश बनेगा या नहीं। इसके बजाय, मतदाता यह तय करेंगे कि क्या प्रांतीय सरकार को भविष्य में अलगाव पर एक पूर्ण जनमत संग्रह कराने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया जाये या नहीं।

दुनिया के चौथे सबसे बड़े प्रमाणित तेल भंडार वाले प्रांत अल्बर्टा का ऊर्जा नीति और केन्द्रीय सरकार के अधिकारों को लेकर संघीय सरकार के साथ लंबे समय से विवाद रहा है। अल्बर्टा में पले-बढ़े श्री कार्नी ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे केवल केंद्र सरकार को संदेश देने के लिए इस मतपत्र का उपयोग न करें। उन्होंने कहा, “यह कोई पोकर का खेल नहीं है। कनाडा के खिलाफ एक वोट एक खतरनाक दुस्साहस है जो सालों के गहरे विभाजन और बड़ी अनिश्चितता की ओर ले जायेगा।”

श्री कार्नी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की नीतियों से अलग हटकर उनकी सरकार ने प्रशांत महासागर तक प्रस्तावित पाइपलाइन ‘पैसिफिक लिंक’ को तेजी से आगे बढ़ाया है और कनाडा की ऊर्जा महाशक्ति की स्थिति को बढ़ावा दिया है, जिससे अल्बर्टा की समस्याओं को हल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से 1.4 लाख से अधिक नौकरियां पैदा होंगी और कनाडा की अमेरिका पर निर्भरता कम होगी।

Next Post

प्लाजा को जमीदोज एवं नव निर्माण कराने पर सहमति

Fri Oct 16 , 2026
सिंगरौली । नपानि परिषद की आज शुक्रवार को दूसरे दिन सभापति देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में शुरू हुई। बैठक में व्यावसायिक प्लाजा गनियारी पर विशेष रूप से चर्चा हुई, करीब दो घंटे तक पार्षदों के सुझाव लिये गये, वहीं बीच-बीच में हंगामा भी होता रहा। अंतत: व्यावसायिक प्लाजा को ध्वस्त […]

You May Like

Play sound