
मंदसौर। ग्राम भारती मालवा प्रांत की एथलेटिक्स (एकल प्रतियोगिता) 27-28 सितंबर को शाजापुर में आयोजित हुई, जिसमें 22 जिलों ने भाग लिया। मंदसौर जिले की टीम (7 भैया, 8 बहिन) ने जिला खेल प्रमुख कुंदन कुमावत एवं आस्था पाटीदार के नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और कुल 5 पदक हासिल किए—3 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य।
100 मीटर दौड़ में वंदना गुर्जर (नेतावली) ने रजत, 200 मीटर में चेतना प्रजापति (डिगांव माली) ने कांस्य पदक जीता। 400 मीटर में भूमिका (दलौदा सगरा), ऊंची कूद में सिमरन गुर्जर (नेतावली) और गोला फेंक में रक्षिता सुथार (दलौदा रेल) ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में सह प्रांत प्रमुख कैलाश चौधरी, प्रतियोगिता संयोजक जगदीशसिंह राठौड़, जिला सचिव अनिल पंवार व प्रतियोगिता प्रभारी भगवान पाटील की उपस्थिति में खिलाड़ियों को ट्रॉफी दी गई।
उल्लेखनीय है कि प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी अब भोपाल में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिले की इस उपलब्धि पर ग्राम भारती मंदसौर के अध्यक्ष प्रभुलाल धनौरा, सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़, कोषाध्यक्ष सागरमल मेहता, उपाध्यक्ष रविंद्र पांडेय, जिला प्रमुख महेश विश्वकर्मा एवं समिति पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। सूचना स्थानीय विद्यालयों तक पहुंचने पर विद्यार्थियों व ग्रामवासियों में हर्ष की लहर दौड़ गई।
