उत्तराखंड में आने वाले तीन दिनों मौसम रहेगा खराब, अलर्ट जारी

नैनीताल/देहरादून 17 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से खराब मौसम को देखते हुए आने वाले तीन दिनों में प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकारियों को सावधानी बरतने की नसीहत दी गयी है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी पत्र के अनुसार भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से आगामी 18 से 20 अप्रैल तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की गयी है।

इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों में ओलावृष्टि, तेज हवाओं के साथ बरसात का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इस दौरान तराई से लेकर पहाड़ों में ओलावृष्टि के साथ ही 30 से 70 किमी प्रति घंटा तेज हवाओं के चलने की आशंका व्यक्त की गयी है।

प्राधिकरण की ड्यूटी आफिसर डा0 वेदिका पंत की ओर से देर शाम को जारी पत्र में कहा गया है कि इस दौरान आपदा प्रबंधन के आईआरएस प्रणाली से जुड़े समस्त अधिकारी और नोडल अधिकारी हाई अलर्ट में रहें। यही नहीं अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहें। इस दौरान अधिकारियों का मोबाइल फोन 24 घंटे खुला रहने की हिदायत दी गयी है। साथ ही इस दौरान हरसंभव एहतियात बरतने को कहा गया है। राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में तैनात रहने के निर्देश दिये गये हैं।

साथ ही समस्त पुलिस थाना और चौकियों को भी आपदा संबंधी उपकरणों के साथ हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये गये हैं। छात्रों की सुरक्षा की दृष्टि से स्कूलों और विद्यालयों में सुरक्षा बरतने की बात कही गयी है।

यही नहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगाने और अनुमति नहीं देने की बात स्पष्ट रूप से कही गयी है।

Next Post

सिंधिया ने प्रमुख परियोजनाओं में तेजी लाने का किया आह्वान

Thu Apr 17 , 2025
इंफाल 17 अप्रैल (वार्ता) मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला के साथ केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने गुरुवार को इंफाल के राजभवन में समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश में वर्तमान में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की व्यापक समीक्षा प्रस्तुत की। श्री सिंधिया […]

You May Like