जबलपुर: आगामी 36 वें दीक्षांत समारोह को लेकर रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर इन दिनों दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। समारोह में भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। परिसर में सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अतिथि सत्कार संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस संबंध में कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि दीक्षांत समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं। महामहिम राष्ट्रपति की उपस्थिति विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है और इस अवसर को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्य भवनों, प्रवेश द्वारों को सजाया जा रहा
विश्वविद्यालय के मुख्य भवनों, प्रवेश द्वारों और समारोह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था और उद्यानों के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। परिसर की सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था तथा संकेतक बोर्डों को भी नया रूप दिया जा रहा है, जिससे आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच लगातार समन्वय बैठकों का दौर जारी है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा परिसर का निरीक्षण किया जा रहा है तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।
प्रतिष्ठित हस्तियां हो रहीं शामिल
विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह में मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगू भाई पटेल, विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए अतिथियों के स्वागत, आवास और परिवहन की विस्तृत व्यवस्था की जा रही है।
परिसर में उत्सव जैसा माहौल
उधर विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी दीक्षांत समारोह को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। परिसर में उत्सव जैसा माहौल है और सभी की निगाहें उस ऐतिहासिक क्षण पर टिकी हैं जब देश की राष्ट्रपति विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं उपाधियां प्रदान करेंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि यह दीक्षांत समारोह संस्थान के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा। उल्लेखनीय है कि रादुविवि में लगभग 20 वर्षों बाद राष्ट्रपति का आगमन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बैठकों में हो रही समीक्षा
दीक्षांत समारोह के आयोजन के लिए पूर्व में तय की गयी सम्पूर्ण समारोह समिति, दीक्षांत बैठक व्यवस्था समिति, भोजन एवं जलपान व्यवस्था समिति, आवास एवं परिवहन समिति, निमंत्रण समिति, मंच एवं पदक व्यवस्था समिति, प्रेस मीडिया प्रबंधन समिति, स्मारिका समिति, वित्तीय प्रबंधन समिति, साज सज्जा समिति, स्वागत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति, आईटी समिति, डिग्री, गोल्ड मेडल, सर्टिफिकेट एवं फोल्डर समिति आदि की बारी-बारी से बैठकें आयोजित कर उनके कार्यों की समीक्षा की जा रही है। कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने बताया कि दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों के स्वागत एवं आवागमन की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई है, समारोह में आने वाले अतिथियों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
