
तेंदूखेड़ा/दमोह। सोमवार की मध्य रात्रि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की i20 कार में अवैध शराब तेंदूखेड़ा लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस बल को तत्काल सतर्क किया गया।जैसे ही कार दिखाई दी तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। इस पर आरोपी ने कार को खाकरी की तरफ मोड़ दिया और तेज गति से भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया लेकिन कार की स्पीड तेज होने के कारण वह कुछ दूर रह गई।
भटारिया मोहल्ले के पास आरोपी ने रोड किनारे झाड़ियों में शराब की पेटियां फेंक दीं और आगे कुछ दूर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गया।पुलिस ने झाड़ियों से 15 पेटी अवैध लाल मशाला शराब बरामद की। मौके से i20 कार* भी जप्त की गई, जिस पर नंबर प्लेट की जगह BOSS लिखा हुआ था।पुलिस ने अवैध शराब और कार को थाने लाकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*इनका कहना है*
“रात्रि में अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। घेराबंदी कर भटारिया वार्ड में रोड किनारे झाड़ियों से अवैध शराब और कुछ दूर आगे से i20 कार जप्त की गई है। शराब की कीमत लगभग 75,000 रुपये और कार की कीमत 5,00,000 रुपये आंकी गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
*- सरोज ठाकुर, टीआई तेंदूखेड़ा*
