बड़वानी:27 एवं 28 जनवरी को माघ कृष्ण चतुर्दशी को जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर विश्व आदिनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में आचार्य विप्रणत सागर जी महाराज का सानिध्य प्राप्त होगा। आचार्य श्री का 26 जनवरी को मंगल प्रवेश होगा।ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष विनोद दोशी ने बताया कि मेला संयोजक की टीम में मनोज गोधा, सुरेश गंगवाल, संजय जैन धामनोद, बरखा बडजात्या और कमेटियों ने दायित्व को निभाते हुए काम कर रहे हैं। मेला संयोजकों ने बताया कि कलश आवंटन समिति ने नगरों में जाकर कलश आवंटन कार्य सम्पन्न कर लिया है।
मुनि सेवा समिति ने बताया कि 27 जनवरी को सुबह भगवान के अभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम की पुजन और मुनि संघ की आहार चर्या होगी। दोपहर को भक्तामर विधान, ब्राह्मी सुंदरी अलंकरण महिला सम्मान समारोह, निमाड़ अंचल महिला मंडल द्वारा शास्त्र सजाओ प्रतियोगिता रखी गई है और आचार्य श्री द्वारा धर्मसभा को संबोधित किया जाएगा। सारे विधान और धार्मिक अनुष्ठान पंडित मौसम शास्त्री के निर्देशन में कमल जैन विद्यापूर्ण म्यूजिकल ग्रुप बड़वाह के संगीत और सुर लहरी से होंगे। शाम को गुरु भक्ति, आचार्य श्री और भगवान की आरती व रात्रि में निमाड़ अंचल की महिला शक्ति द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी।
28 जनवरी को सुबह तलहटी मंदिर में भगवान के अभिषेक, शांतिधारा, नित्य नियम की पुजन सम्पन्न होने के बाद तलहटी से बड़े बाबा के चरणों तक घट यात्रा और शोभायात्रा प्रारंभ होगी। जो भगवान के चरणों तक जाएगी, जहां आचार्य श्री के मुखारविंद से भगवान के अभिषेक शांतिधारा, निर्वाण लाडू चढ़ाने की मांगलिक क्रियाएं संपन्न होंगी। आचार्य श्री की धर्मसभा के साथ साधारण सभा की बैठक और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। मंडल विधान और ध्वजारोहण के पुण्यार्जक तारादेवी दिनेश जैन कठलाल गुजरात द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। प्रथम अभिषेक के पुण्यार्जक मनोरमा देवी, मोहन लाल, निर्मल अग्रवाल परिवार द्वारा किया जाएगा। निर्वाण लाडू के पुण्यार्जक शेखर जुगल किशोर पाटनी परिवार को प्राप्त हुआ। स्वल्पाहार के पुण्यार्जक महेंद्र पाटनी परिवार मनावर, प्रथम दिन के भोजन पुण्यर्जक कांता देवी दया चंद पहाडिय़ा परिवार बड़वानी और द्वितीय दिवस के चंदा बाई नेमीचंद संजय जैन धामनोद परिवार को सौभाग्य प्राप्त हुआ। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी मनीष जैन ने दी।