
नई दिल्ली। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2026 (1447 हिजरी) के लिए छठी वेटिंग लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में कुल 516 सीटें शामिल हैं। जारी सूची के अनुसार वेटिंग लिस्ट में शामिल आवेदकों को नॉर्मल हज पैकेज के तहत प्रोविजनल चयनित किया गया है।
चयनित आवेदकों को हज राशि की कुल 2,77,300 रुपये जमा कराने होंगे। इसमें प्रथम किस्त 1,52,300 रुपये और द्वितीय किस्त 1,25,000 रुपये निर्धारित की गई है। भुगतान ऑनलाइन माध्यम से हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट या हज सुविधा ऐप पर क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग से किया जा सकता है। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में निर्धारित पे-इन स्लिप के माध्यम से भी राशि जमा की जा सकेगी। प्रत्येक कवर नंबर के लिए जारी यूनिक बैंक रेफरेंस नंबर का उल्लेख जमा रसीद में करना अनिवार्य होगा।
राशि जमा करने के बाद तीर्थयात्रियों को 7 फरवरी 2026 तक आवश्यक दस्तावेज अपलोड या संबंधित राज्य/केंद्र शासित प्रदेश हज कमेटी में जमा कराने होंगे। इन दस्तावेजों में हस्ताक्षरित हज आवेदन फॉर्म, घोषणा पत्र, अंडरटेकिंग, पासपोर्ट घोषणा पत्र, भुगतान रसीद की प्रति तथा मेडिकल स्क्रीनिंग व फिटनेस सर्टिफिकेट शामिल हैं। राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश हज समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त दस्तावेजों को तुरंत हज कमेटी ऑफ इंडिया के वेब पोर्टल पर अपलोड करें।
हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि तक राशि जमा न करने या दस्तावेज प्रस्तुत न करने की स्थिति में आवंटित सीट निरस्त की जा सकती है।
जारी सूची में दिल्ली (एनसीटी), गुजरात, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और तेलंगाना समेत विभिन्न राज्यों के वेटिंग नंबर शामिल किए गए हैं।
