महू: कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री पर कार्रवाई करते हुए गर्जी धर्मशाला भोला गली स्थित एक पतंग दुकान से 105 कट्टे मांझा जब्त किया है. मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में आरोपी अमितेश उर्फ कन्नू चौरसिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
कोतवाली टीआई राहुल शर्मा ने बताया कि शासन के स्पष्ट आदेशों के बावजूद शहर में चोरी-छिपे चाइनीज मांझे की बिक्री हो रही थी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने भोला गली में दबिश दी और दुकान की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा बरामद किया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसके भंडारण और बिक्री पर प्रशासनिक आदेश लागू हैं. इन आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है. जब्त किए गए मांझे को विधिवत सील कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
चाइनीज मांझे के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध
एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि चाइनीज मांझा पहले भी कई गंभीर हादसों का कारण बन चुका है. इससे वाहन चालकों, राहगीरों और पक्षियों की जान को खतरा रहता है. इसी कारण प्रशासन ने इसके निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है. थाना प्रभारी राहुल शर्मा ने जानकारी दी कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी को यह मांझा कहां से मिला और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है. शहर के अन्य इलाकों में भी पतंग दुकानों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा.
