
नई दिल्ली। वलसाड तट के पास डूब रही भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव ‘जय माला’ से मदद की गुहार मिलने के बाद इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) एयर स्टेशन दमन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नाव पर नौ मछुआरे सवार थे।
मछुआरों को समय पर सहायता पहुंचाने और सभी की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए ICG ने तुरंत चेतक हेलीकॉप्टर रवाना किया। बचाव अभियान के बाद सभी मछुआरों को सुरक्षित दमन पहुंचाया गया। इनमें मामूली रूप से घायल तीन मछुआरों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया।
इंडियन कोस्ट गार्ड की त्वरित कार्रवाई से समुद्र में एक संभावित गंभीर दुर्घटना को टालने में सफलता मिली। इस अभियान ने समुद्र में संकटग्रस्त लोगों की जान बचाने और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति ICG की प्रतिबद्धता को एक बार फिर रेखांकित किया।
