जर्जर अस्पताल और विशेषज्ञों की कमी: मजदूर संघ ने रेल चिकित्सा निदेशक को सौंपा 11 सूत्रीय मांग पत्र

इटारसी। पश्चिम मध्य रेल के मुख्य चिकित्सा निदेशक (CMD) के इटारसी प्रवास के दौरान वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने उनसे मुलाकात कर रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों की चिकित्सा से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर चर्चा की। संघ के पदाधिकारियों ने सीएमडी का स्वागत करने के साथ ही नया यार्ड स्थित उप मंडल रेल चिकित्सालय की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर एक 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

​संघ ने मुख्य रूप से अस्पताल की जर्जर हो चुकी बिल्डिंग का मुद्दा उठाते हुए मांग की है कि प्रस्तावित नई बिल्डिंग का निर्माण वर्तमान स्थल यानी नया यार्ड में ही किया जाए, ताकि कर्मचारियों को चिकित्सा लाभ लेने में सुविधा हो। चिकित्सालय में विशेषज्ञों की कमी पर चिंता जताते हुए संघ ने बताया कि पिछले 2 वर्षों से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त है। इसके साथ ही हृदय रोग, नेत्र, ईएनटी, बाल रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों के साथ-साथ एसीएमएस डॉक्टर की पदस्थापना की भी पुरजोर मांग की गई।

​अस्पताल की आंतरिक अव्यवस्थाओं को उजागर करते हुए संघ ने कहा कि वार्डों में उपयोग होने वाली मच्छरदानी, गद्दे, चादर और तकिए बेहद खराब स्थिति में हैं, जिन्हें तत्काल बदला जाना चाहिए। साथ ही, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मासिक बजट को दोगुना करने का आग्रह किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्वों के डर को देखते हुए 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात करने और एम्बुलेंस सेवा में सुधार की आवश्यकता भी जताई गई। संघ के अध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने कहा कि इन ज्वलंत समस्याओं के निराकरण से रेल कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में औद्योगिक शांति बनी रहेगी।

Next Post

व्यावसायिक शिक्षा को मुख्यधारा से जोड़ना समय की मांग: प्राची पांडेय

Thu Feb 5 , 2026
​भोपाल। पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान (पीएसएससीआईवीई), भोपाल में आज ‘समग्र शिक्षा के अंतर्गत विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय परामर्श बैठक का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में देश भर के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों, नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों […]

You May Like