मुंबई, 04 अगस्त (वार्ता) रियलिटी शो ‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। जियोहॉटस्टार और कलर्स ने शो का पहला टीजर जारी कर दिया है, जिसमें शो के होस्ट सलमान खान की दमदार झलक देखने को मिल रही है।टीजर में सलमान खान शाही अंदाज में घोड़े के साथ एंट्री करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वह रहस्यमयी संवाद बोलते हैं, “जो करण अर्जुन में हुआ था, वो होगा अब बिग बॉस में… तथास्तु!” इस खास संकेत ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। टीजर में दिए गए विजुअल संकेतों ने नए सीजन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
शो के नए सीजन को लेकर सलमान खान ने कहा कि बिग बॉस का हर सीजन नए खेल, नए समीकरण और अप्रत्याशित मोड़ लेकर आता है, लेकिन इस बार कहानी के केंद्र में एक ऐसा रहस्य है, जो इसे अब तक के सभी सीजन से अलग बनाएगा।उन्होंने कहा, “पहला संकेत सामने आ चुका है, बस उसे ध्यान से दोबारा देखने की जरूरत है। यह टीजर सिर्फ शुरुआत है। अब इंतजार है कि जब बिग बॉस हिंदी सीजन 20 शुरू होगा, तब दर्शक इन संकेतों को जोड़कर इस रहस्य को समझने की कोशिश करेंगे।” ‘बिग बॉस हिंदी सीजन 20’ का प्रीमियर 06 सितंबर से होगा। शो का प्रसारण कलर्स पर और डिजिटल स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगा। निर्माताओं के अनुसार इस बार शो में पहले से ज्यादा रोमांच, नए ट्विस्ट और अप्रत्याशित घटनाक्रम देखने को मिलेंगे।

