विवादित सचिव पर क्यों मेहरबान प्रशासन ?

सीधी । विवादित सचिव पर प्रशासन क्यों मेहरबान है यह चर्चा का विषय हुआ बना है। मामला जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पनिहा में पदस्थ सचिव को ग्राम परसिली का पुन: अतिरिक्त प्रभार देने का है।

दरअसल जनपद पंचायत मझौली क्षेत्र में सचिव विनोद कुमार गुप्ता की कार्यशैली काफी विवादित रहने की सुर्खियां सालों से हैं। बताया गया है कि जनपद पंचायत के अधिकारियों की मेहरबानी इन पर अवश्य रही। जिसके चलते वह गंभीर शिकायतों के बाद भी कार्रवाई से लगातार बचते आये हैं। इसी जुगाड़ के चलते जनपद पंचायत सीईओ की अनुसंशा पर 11 जून 26 को जिला पंचायत कार्यालय से जारी आदेश क्रमांक 4835 द्वारा सचिव विनोद कुमार गुप्ता ग्राम पंचायत पनिहा को ग्राम पंचायत परिसिली का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया गया।

००

चमराडोल हाट बाजार नीलामी में सचिव के विरुद्ध हुई थी जांच

 

चमराडोल हाट बाजार नीलामी में सचिव की मनमानी की शिकायत होने पर न्यायालय कलेक्टर द्वारा प्रकरण क्रमांक/0005/अ 89(15)/2023-24 पंजीबद्ध कर जांच कार्रवाई एवं सुनवाई पूरी की गई। सुनवाई के पश्चात हाट बाजार की पुन: नीलामी कर दिये जाने का प्रस्ताव आया। वित्तीय वर्ष 1 फरवरी 2024 से 31 जनवरी 2025 तक के लिये एक लाख पांच हजार की बोली सचिव विनोद कुमार गुप्ता द्वारा स्वीकार की गई। बोली कम होने के कारण कलेक्टर या उसके प्राधिकृत अधिकारी की मंजूरी से कम बोली स्वीकृत का प्रावधान था किन्तु सचिव द्वारा कम बोली राशि स्वीकार की गई। जिस पर सचिव के विरूद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई।

००

परसिली के अतिरिक्त प्रभार को लेकर खड़े हो रहे सवाल!

 

ग्राम पंचायत चमराडोल में पदस्थ रहने के दौरान सचिव विनोद कुमार गुप्ता को ग्राम पंचायत परसिली का अतिरिक्त प्रभार मिला था। ग्राम पंचायत चमराडोल में हाट-बाजार नीलामी की जांच के दौरान चमराडोल से सचिव विनोद कुमार गुप्ता को हटाकर ग्राम पंचायत पनिहा स्थानांतरित कर दिया गया तो परसिली का अतिरिक्त प्रभार भी छिन गया था। इधर गत महीने पनिहा से बहुत ज्यादा दूर परसिली का पुन: अतिरिक्त सचिवीय प्रभार दिये जाने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जबकि पूर्व में परसिली के अतिरिक्त प्रभार के दौरान हितग्राही से कचरा घर में पैसा मांगने सहित कई आरोप भी लगे थे।

००

इनका कहना है

ग्राम पंचायत पनिहा सचिव विनोद कुमार गुप्ता को ग्राम पंचायत परसिली का अतिरिक्त प्रभार देने का आदेश जनपद पंचायत मझौली के प्रस्ताव के आधार पर हुआ होगा।

शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, सीईओ जिला पंचायत सीधी

मुझे जनपद पंचायत मझौली में ज्वाइन किये कुछ माह हुये हैं। ग्राम पंचायत पनिहा सचिव विनोद कुमार गुप्ता को ग्राम पंचायत परसिली को अतिरिक्त प्रभार दिये जाने का प्रस्ताव जनपद पंचायत से जिला पंचायत कब भेजा गया है। इसकी जानकारी लेकर ही कुछ कहा जा सकता है। सामान्यत: किसी पंचायत का अतिरिक्त प्रभार नजदीक पंचायत सचिव को ही दिया जाता है। यदि इसमें कोई विसंगति हुई है तो विस्तृत जानकारी लेकर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

सुरभि श्रीवास्तव, सीईओ जनपद पंचायत मझौली

०००००००००००००

Next Post

करजू में 70 बीघा जमीन जलमग्न, फसलें प्रभावित

Tue Aug 18 , 2026
शाजापुर, मोहन बड़ोदिया तहसील के ग्राम करजू में जल निकासी की व्यवस्था न होने से करीब 70 बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई है. जलभराव के कारण 8 से 10 किसानों की फसलें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है. ग्राम निवासी […]

You May Like